CM बनते ही ‘नायक’ बने थलापति विजय! पहली ही बैठक में किया बड़ा ऐलान, 200 यूनिट फ्री बिजली और महिलाओं की सुरक्षा पर सबसे बड़ा फैसला

स्वतंत्र बोल
चेन्नई,10 मई 2026:
तमिलनाडु में सत्ता संभालते ही थलापति विजय ने ऐसा दांव चला है, जिसने पूरे देश की राजनीति में हलचल मचा दी है। अभिनेता से मुख्यमंत्री बने सी जोसेफ विजय ने कुर्सी संभालते ही जनता के लिए बड़े फैसलों की झड़ी लगा दी। शपथ ग्रहण के कुछ ही मिनट बाद विजय ने ऐसी दो फाइलों पर साइन किए, जिनकी चर्चा अब हर घर में हो रही है।

ad

तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख विजय ने मुख्यमंत्री बनते ही घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का ऐलान कर दिया। इतना ही नहीं, महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक स्पेशल फोर्स बनाने वाली फाइल पर भी तुरंत हस्ताक्षर किए गए। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर लोग विजय की तुलना फिल्म ‘नायक’ के अनिल कपूर वाले किरदार से करने लगे हैं।

youtube

शपथ ग्रहण के बाद इंडोर स्टेडियम में अपने पहले संबोधन में विजय ने साफ कहा कि वह किसी शाही परिवार से नहीं आते और जनता को झूठे वादों से धोखा नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में अब “नई शासन व्यवस्था” की शुरुआत हो चुकी है।

अपने भाषण में विजय ने पिछली DMK सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लादा गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जल्द ही राज्य की आर्थिक स्थिति पर “श्वेत पत्र” जारी करेगी ताकि जनता को सच पता चल सके।

विजय ने अपने भाषण में छह बड़े संकेत दिए, जिसने राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैला दी। उन्होंने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, जनता के पैसे को कोई हाथ नहीं लगा सकेगा और सरकार में सत्ता का सिर्फ एक ही केंद्र होगा—विजय।

मुख्यमंत्री विजय ने कांग्रेस, VCK और वामपंथी दलों का समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया। वहीं उनकी इस आक्रामक शुरुआत को 2026 के बाद देश की राजनीति में उभरते नए चेहरे के तौर पर भी देखा जा रहा है।

विजय के मुख्यमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।

सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देश श्रीलंका से भी विजय को खास संदेश मिला। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने विजय को बधाई देते हुए कहा कि तमिलनाडु और श्रीलंका के रिश्ते इतिहास और संस्कृति से जुड़े हैं और आने वाले समय में दोनों के बीच आर्थिक सहयोग और मजबूत होगा।

अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या विजय सिर्फ फिल्मों के ‘थलापति’ थे, या अब वह राजनीति के भी नए ‘नायक’ बनने जा रहे हैं? क्योंकि सत्ता संभालने के कुछ घंटों के भीतर ही उन्होंने ऐसे फैसले लिए हैं, जिन्होंने तमिलनाडु की राजनीति की दिशा बदलने के संकेत दे दिए हैं।