जंगल में जुए का खेल पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस में भूचाल, SSP का बड़ा एक्शन

स्वतंत्र बोल 
सूरजपुर 25 अप्रैल 2026:  छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस विभाग में हलचल मचा दी है। जंगल के बीच जुआ खेले जाने का वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर प्रभारी सहित 7 आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला कुमेली इलाके से जुड़ा हुआ है, जहां जंगल में जुआ फड़ संचालित होने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो के सामने आने के बाद पहले संबंधित थाना प्रभारी पर कार्रवाई की गई थी, और अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए साइबर टीम पर भी गाज गिराई गई है।

एसएसपी द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। यह कदम इस बात का संकेत है कि विभाग लापरवाही या किसी भी तरह की संलिप्तता को लेकर सख्त रुख अपना रहा है।

सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रही गतिविधियों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है। इसी के आधार पर आगे और भी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल, पुलिस विभाग पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटा हुआ है और यह साफ किया जा रहा है कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।