गांव की किस्मत बदलने वाली सड़क की शुरुआत… करोड़ों की योजना से खुलेंगे विकास के नए रास्ते

स्वतंत्र बोल
सूरजपुर 01 अप्रैल 2026. लंबे समय से बेहतर सड़क की उम्मीद में बैठे ग्रामीणों के लिए आखिरकार वह दिन आ ही गया, जब विकास की एक बड़ी पहल ने जमीन पर आकार लेना शुरू कर दिया। एक ऐसी सड़क, जो न सिर्फ दूरी घटाएगी बल्कि पूरे इलाके की तस्वीर बदलने का दावा कर रही है।

प्रदेश में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जयनगर-कासापारा में 3.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का विधिवत शुभारंभ किया।

लोक निर्माण विभाग के माध्यम से स्वीकृत इस परियोजना के तहत 3.60 किलोमीटर लंबी सड़क का उन्नयन और नवीनीकरण किया जाएगा। इसके लिए शासन द्वारा 380.15 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति पहले ही प्रदान की जा चुकी है। इस सड़क के बन जाने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को तेजी से लागू कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सड़कें सिर्फ रास्ते नहीं होतीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों का द्वार भी खोलती हैं।

जयनगर से कासापारा तक बनने वाला यह मार्ग क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।