पीएम आवास के सवाल पर भड़के विजय, महंत ने भी दागे सवाल पर सवाल

स्वतंत्र बोल
16 जुलाई 2025: छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है और इस मानसून सत्र में तब गर्माहट आ गई जब नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को लेकर सरकार पर सवालों की बौछार कर दी. नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि कई जिलों में बिना शौचालय निर्माण के ही कागजों में मकानों को पूर्ण कर दिया गया है. उन्होंने आगे कहा पात्र दिव्यांगों एवं अल्पसंख्यकों को वाजिब लाभ नहीं मिल पा रहा. चरणदास महंत ने योजना में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सरकार को घेरा, जिस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के जवाब से कांग्रेस विधायकों में गुस्सा फैल गया.

प्रधानमंत्री आवास निर्माण में हो रही गड़बड़ी

इस दरमियान नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि बिना शौचालय के ही प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास को पूरा मान लिया जा रहा है. इस योजना के तहत दिव्यांगों और अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित प्रतिशत को कितना लागू किया गया है.सरकार इसका जवाब दे.

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिया जवाब

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के सवालों पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने जवाब दिया. उन्होंने सदन में स्पष्ट किया कि तीसरी किस्त के बाद भुगतान किया जाता है और काम को अंतिम रूप माना जाता है. पिछली सरकार की लेटलतीफी के कारण कई समस्याएं उत्पन्न हुई हैं. उन्होंने यह भी जोड़ा कि वर्तमान की विष्णुदेव साय सरकार में सुशासन भी है और सख्ती भी है. शिकायतें मिलने पर जांच की जाएगी.