स्वतंत्र बोल
आरंग, 09 अप्रैल 2026। अवैध खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर हसौद इलाके में अचानक छापा मार दिया। टीम की इस कार्रवाई से खदान संचालकों और ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप मच गया।
सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में दो चूना पत्थर (क्रेशर) खदानों को सील कर दिया गया, जबकि अवैध परिवहन में लगे 7 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया है।
दस्तावेज नहीं, सीधा एक्शन
जांच के दौरान खदान संचालकों के पास जरूरी दस्तावेज अधूरे पाए गए। इसके बाद बिना देर किए विभाग ने दोनों खदानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। जिन खदानों पर कार्रवाई हुई, उनमें सीजी एग्रो फार्म (विपिन अग्रवाल एवं के.सी. अग्रवाल) और जय कुमार बजाज से जुड़ी खदानें शामिल हैं।
रेत और गिट्टी से भरे 7 हाइवा जब्त
कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग की टीम ने अवैध परिवहन पर भी सख्ती दिखाई। जांच में 7 हाइवा वाहन पकड़े गए—
- 1 वाहन रेत से भरा हुआ
- 6 वाहन गिट्टी (स्टोन) से लदे
बताया जा रहा है कि ये सभी वाहन बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन कर रहे थे, जिससे शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा था। सभी वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अब नहीं बख्शेंगे – विभाग का सख्त संदेश
अधिकारी उमेश भार्गव ने साफ कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि रजत बंसल के निर्देशानुसार अब पूरे राज्य में खदान संचालन को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी बनाया जा रहा है, ताकि ऐसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।


