जंगल में मिला मासूम का लहूलुहान सच… मां की कहानी सुनकर कांप उठे लोग, आखिरकार खुला खौफनाक राज

स्वतंत्र बोल
रायगढ़,20 अप्रैल 2026
। एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों के सबसे पवित्र रूप को भी सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है। कापू क्षेत्र के ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा में ढाई साल के मासूम की बेरहमी से हत्या ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस जघन्य वारदात को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी मां ने दिया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब 19 अप्रैल को मृतक अनुज मंझवार के पिता बोधसाय मंझवार ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल की सुबह वह जंगल गया था और घर पर पत्नी सोनमती सरोती मंझवार अपने दोनों बच्चों के साथ थी। जब वह दोपहर में लौटा तो घर खाली मिला। शाम को उसकी साढ़े चार साल की बेटी अकेले घर पहुंची और बताया कि मां उसे घर भेजकर छोटे भाई को लेकर जंगल की ओर चली गई है।

यह सुनते ही परिवार के लोगों को अनहोनी का अंदेशा हुआ। रातभर ग्रामीणों के साथ जंगल में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन महिला अकेले घर लौटी, लेकिन बेटे के बारे में स्पष्ट जवाब देने के बजाय वह लगातार टालमटोल करती रही।

दो दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद 18 अप्रैल की देर रात रानीगौवा पहाड़ के पास एक पगडंडी किनारे महुआ पेड़ के पास खून के निशान मिले। जब आसपास तलाश की गई तो गहरी खाई में मासूम अनुज का शव मिला, जिसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। यह मंजर इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए और गांव में मातम छा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज कर महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान वह लगातार पुलिस को गुमराह करती रही और अपहरण जैसी झूठी कहानियां बनाती रही। लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और सख्त पूछताछ के सामने उसका झूठ ज्यादा देर तक नहीं टिक सका।

आखिरकार महिला टूट गई और उसने जो सच बताया, उसने सभी को अंदर तक झकझोर दिया। उसने स्वीकार किया कि मायके जाते समय रास्ते में उसने पहले बेटी को घर लौटा दिया और बेटे को लेकर आगे बढ़ी। पहाड़ी चढ़ाई के दौरान बच्चा चलने से मना कर बैठ गया, जिस पर गुस्से में आकर उसने उसे जमीन पर पटक दिया और पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद वह घर लौट आई और खुद को बचाने के लिए झूठी कहानी गढ़ती रही। पुलिस ने आरोपी महिला के बयान की वीडियोग्राफी कराई और घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल पत्थर सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।

आरोपी सोनमती सरोती मंझवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। इस घटना ने न सिर्फ एक मासूम की जिंदगी छीन ली, बल्कि यह भी दिखा दिया कि कभी-कभी सबसे बड़ा खतरा वहीं छिपा होता है, जहां सबसे ज्यादा भरोसा किया जाता है।