रायपुर में त्योहारों से पहले स्ट्रीट लाइटों को लेकर महापौर के सख्त निर्देश, जानिए रात में क्या करेंगी जोन टीमें

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 18 सितंबर 2026:
गणेश उत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर निगम महापौर ने अधिकारियों को शहर के मुख्य मार्गों पर पुख्ता प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। नगर निगम मुख्यालय में विद्युत विभाग और सभी जोन की टीमों के साथ हुई बैठक में महापौर ने वर्तमान व्यवस्था पर नाराजगी जताई और स्पष्ट किया कि राजधानी के किसी भी मुख्य मार्ग पर एक भी स्ट्रीट लाइट बंद नहीं मिलनी चाहिए।

ad

रात में निरीक्षण करेंगी जोन की टीमें

त्योहारों के दौरान शहर में लोगों की आवाजाही बढ़ने को ध्यान में रखते हुए महापौर ने मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी जोन की विद्युत शाखाओं को रात के समय अपने-अपने वार्डों के मुख्य मार्गों का निरीक्षण करने और बंद पड़ी लाइटों को तत्काल ठीक कराने को कहा गया है। महापौर ने हिदायत दी है कि मुख्य मार्गों पर अंधेरा रहने या स्ट्रीट लाइट बंद होने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए और मिलने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।

youtube

ठेकेदारों के लंबित भुगतान और सामग्री पर चर्चा

बैठक के दौरान अनुबंधित ठेकेदारों ने कुछ जोन में काम करने में आ रही व्यावहारिक समस्याओं से महापौर को अवगत कराया। ठेकेदारों ने बताया कि कई स्थानों पर पुरानी और खराब विद्युत सामग्री के कारण सुधार कार्य में अड़चन आती है। इसके साथ ही उन्होंने अपने लंबित भुगतान का मुद्दा उठाया, जिस पर महापौर ने अधिकारियों को नियमानुसार प्रक्रिया के तहत लंबित देयकों के भुगतान की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

पुराने कार्यों की मांगी रिपोर्ट

महापौर ने विद्युत विभाग और जोन कार्यालयों में मौजूद सामग्री के साथ-साथ पहले कराए गए स्ट्रीट लाइट सुधार व संधारण कार्यों का ब्योरा मांगा है। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम इस्तेमाल कर शहर की प्रकाश व्यवस्था में सुधार लाने को कहा है।

इस समीक्षा बैठक में विद्युत विभाग अध्यक्ष सुमन पाण्डेय, मुख्य अभियंता संजय बागडे, कार्यपालन अभियंता संदीप शर्मा सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी और अनुबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।