स्वतंत्र बोल
रायपुर 03जून 2025: राजधानी में आपराधिक छवि वाले हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार उस पर एक प्रॉपर्टी डीलर दशमीत चावला से डंडे से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है और पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित दशमीत चावला ने पुलिस को बताया कि वह और उसका भाई प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं। 31 मई की रात वे अपने एक दोस्त के साथ वीआईपी रोड स्थित एक क्लब में खाना खाने गए थे। रात करीब 12:15 बजे जब वे क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी रोहित तोमर ने क्लब के गेट के पास खड़े होकर गालियां देना शुरू कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए रोहित तोमर के निवास पर 5 से 6 गाड़ियों के साथ दबिश दी, लेकिन आरोपी और उसके साथ मौजूद बाउंसर फरार हो चुके थे। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। गौरतलब है कि रोहित तोमर इससे पहले भी सुर्खियों में रह चुका है। एक साल पहले रायपुर के हाइपर क्लब गोलीकांड में उसका नाम सामने आया था। उस केस में विकास अग्रवाल, सारंग मांधान और अमित तनेजा के साथ रोहित को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने तब चारों का सिर आधा मुंडवाकर जुलूस निकाला था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।


