स्वतंत्र बोल
15 मई 2026: हॉलीवुड की चमक-दमक के बीच एक ऐसी स्टार भी हैं, जिनकी जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। 19 साल की उम्र में अचानक प्रेग्नेंसी की खबर ने उन्हें अंदर तक डरा दिया था। परिवार को सच बताने से लेकर दुनिया की नजरों का सामना करने तक, हर कदम उनके लिए मुश्किलों से भरा था। लेकिन आज वही लड़की दो बच्चों की मां है, अरबों की मालकिन है और दुनिया की सबसे चर्चित सेलिब्रिटीज में गिनी जाती है।
हम बात कर रहे हैं Kylie Jenner की, जिन्होंने बेहद कम उम्र में जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला लिया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।
हाल ही में एक पॉडकास्ट में काइली ने अपनी पहली प्रेग्नेंसी को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि जब उन्हें 19 साल की उम्र में पता चला कि वह मां बनने वाली हैं, तो वह बुरी तरह घबरा गई थीं। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि अपने माता-पिता को यह बात कैसे बताएं। हालांकि, डर के बीच उनके अंदर कहीं न कहीं यह एहसास भी था कि वह इस जिम्मेदारी को निभाना चाहती हैं।
काइली ने साल 2018 में बेटी स्टॉर्मी को जन्म दिया था। उस समय उन्होंने खुद को पूरी तरह लाइमलाइट से दूर कर लिया था। महीनों तक वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आईं। इसके बाद साल 2022 में उन्होंने बेटे एरी को जन्म दिया। दोनों बच्चों के पिता मशहूर रैपर Travis Scott हैं। हालांकि अब दोनों अलग हो चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, काइली इस समय अभिनेता Timothée Chalamet को डेट कर रही हैं।
काइली ने यह भी बताया कि उनकी दूसरी प्रेग्नेंसी काफी कठिन रही। उन्हें लंबे समय तक कमर दर्द और साइटिका जैसी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालत ऐसी हो गई थी कि चलना-फिरना तक मुश्किल हो गया था। इसके बावजूद उन्होंने खुद को संभाला और अपने काम पर पूरा फोकस बनाए रखा।
आज काइली सिर्फ एक रियलिटी स्टार नहीं, बल्कि बेहद सफल बिजनेसवुमन भी हैं। अपने ब्यूटी ब्रांड Kylie Cosmetics के दम पर उन्होंने करीब 5,500 करोड़ रुपये का बिजनेस साम्राज्य खड़ा कर लिया है। 28 साल की उम्र में हासिल की गई यह सफलता दुनियाभर के लोगों को हैरान कर रही है।


