स्वतंत्र बोल
अहमदाबाद 28 मई 2026: कोरोना महामारी की भयावह यादें अभी पूरी तरह लोगों के जहन से निकली भी नहीं थीं कि अब देश में एक और जानलेवा वायरस की एंट्री ने हड़कंप मचा दिया है। गुजरात के अहमदाबाद में इबोला वायरस के संदिग्ध मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग से लेकर आम लोगों तक में दहशत फैल गई है। अफ्रीका से लौटे एक बैंक कर्मचारी में इबोला जैसे गंभीर लक्षण पाए जाने के बाद उसे तुरंत हाई सिक्योरिटी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक 37 वर्षीय अमीरी लोकाला नाम का बैंककर्मी हाल ही में अफ्रीकी देश कांगो से मुंबई होते हुए वडोदरा पहुंचा था। भारत लौटने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसमें इबोला वायरस जैसे खतरनाक लक्षण दिखाई दिए। मामला सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग में अफरा-तफरी मच गई और उसे तुरंत अहमदाबाद के सिविल अस्पताल के विशेष वार्ड में क्वारंटाइन कर दिया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मरीज के संपर्क में आए दो अन्य लोगों को भी खोजकर आइसोलेट कर दिया है। इनमें एक स्थानीय डॉक्टर सुनील मूसा भी शामिल हैं, जिन्होंने सबसे पहले संदिग्ध मरीज की जांच की थी। तीनों लोगों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं और फिलहाल उनकी अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
गुजरात के स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल इबोला संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। सुरक्षा कारणों से तीनों लोगों को अगले 11 दिनों तक कड़े एकांतवास में रखा गया है।
इधर इस खबर के सामने आने के बाद लोगों के बीच डर और चिंता का माहौल बन गया है। सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
गौरतलब है कि इबोला वायरस दुनिया के सबसे घातक वायरसों में गिना जाता है, जिसकी मृत्यु दर काफी ज्यादा मानी जाती है। ऐसे में देश में इसके संदिग्ध मामले ने स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।


