छत्तीसगढ़ में ठंड का असर तेज, सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन, अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 28 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ में नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड बढ़ने लगी है। सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को अंबिकापुर में सबसे कम 8.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। प्रदेश में फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में मौसम शुष्क रहा। कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सुकमा में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा।

ad

रायपुर में भी बढ़ने लगी ठंड

राजधानी रायपुर में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 नवंबर को आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पिछले 24 घंटे में रायपुर का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सुबह और शाम के वक्त लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।

youtube

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। इस दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।

बंगाल में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय

मौसम विभाग के मुताबिक, गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इस मौसमी सिस्टम से बादल बनने और बारिश होने की स्थिति बन सकती है। हालांकि, इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर खास असर पड़ने की संभावना नहीं है।