स्वतंत्र बोल
रायपुर 19 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ में सशस्त्र नक्सलवाद की समाप्ति के बाद सरकार ने VIP सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया है। गृह विभाग की प्रोटेक्शन रिव्यू कमेटी के आदेशों के मुताबिक, प्रदेश के 100 से अधिक नेताओं और अधिकारियों की सुरक्षा या तो पूरी तरह हटा दी गई है या उनकी सुरक्षा श्रेणी घटाई गई है। इसमें बस्तर संभाग के 47 नेताओं की सुरक्षा पूरी तरह खत्म कर दी गई है।
बस्तर के 47 नेताओं की सुरक्षा खत्म
गृह विभाग के आदेश के अनुसार, सुरक्षा में सबसे बड़ा बदलाव बस्तर संभाग में किया गया है। यहां 47 नेताओं की सुरक्षा श्रेणी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। अब इन नेताओं को सुरक्षा देने या नहीं देने का फैसला संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) करेंगे। इसके लिए स्थानीय स्तर पर खतरे का आकलन किया जाएगा। खतरे की समीक्षा के बाद SP तय करेंगे कि किस नेता को सुरक्षा की जरूरत है।
50 से ज्यादा नेताओं की सुरक्षा श्रेणी घटाई
बस्तर संभाग के 47 नेताओं की सुरक्षा हटाने के अलावा प्रदेशभर के 50 से अधिक अन्य नेताओं और VIP लोगों की सुरक्षा श्रेणी में भी कटौती की गई है। प्रोटेक्शन रिव्यू कमेटी की समीक्षा में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के नेता शामिल हैं। इनमें मंत्री, पूर्व मंत्री और विधायक भी हैं। मुख्यमंत्री की पत्नी की सुरक्षा श्रेणी में भी कमी की गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष की सुरक्षा भी समीक्षा के दायरे में आई है। गृह विभाग की प्रोटेक्शन रिव्यू कमेटी ने सुरक्षा व्यवस्था में ये बदलाव अपने आधिकारिक आदेशों के जरिए किए हैं।


