CG Rain Report: छत्तीसगढ़ में 10 साल का रिकॉर्ड बारिश का आंकड़ा बराबर, जानिए किस जिले में हुई सबसे ज्यादा और कहां कम बारिश!

रायपुर: छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून ने अब तक जल संकट की चिंता काफी हद तक कम कर दी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की बारिश रिपोर्ट के मुताबिक 1 जून से 13 सितंबर 2026 तक प्रदेश में सामान्य बारिश का 99.9% हिस्सा पूरा हो चुका है। इस दौरान राज्य में औसतन 988.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पिछले 10 वर्षों का ऐतिहासिक औसत 989.9 मिमी है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 12.6 मिमी औसत बारिश हुई। इस दौरान दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा 46.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

ad

बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश

बारिश के आंकड़ों में जिलों के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला है। बलरामपुर प्रदेश में सबसे आगे है। यहां 1482.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य औसत की 177% है।

youtube

इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य औसत की 146.3%, रायपुर में 131.8%, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 127.1% और महासमुंद में 125.7% बारिश दर्ज की गई है।

मैदानी जिलों में भी कई जगह सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। बलौदाबाजार, मुंगेली, गरियाबंद और धमतरी में बारिश का आंकड़ा सामान्य से ऊपर रहा। इससे कृषि गतिविधियों को मजबूती मिली है।

बेमेतरा में सबसे कम बारिश

प्रदेश के कुछ जिलों में अभी भी अच्छी बारिश की जरूरत बनी हुई है। बेमेतरा में सबसे कम 563.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य औसत का 78.2% है।

सरगुजा जिले में 589.4 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य औसत का 79.7% है। बस्तर संभाग के कांकेर में 924.5 मिमी यानी ऐतिहासिक औसत की 67.1% बारिश हुई है।

सुकमा में 975.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो औसत का 70.5% है। बीजापुर में 1313.0 मिमी बारिश हुई है। यह ऐतिहासिक औसत का 74.7% है।

वहीं नारायणपुर में 1352.7 मिमी और दंतेवाड़ा में 1216.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बस्तर के इन जिलों की स्थिति संभाग के कुछ अन्य जिलों की तुलना में बेहतर है।

इन जिलों में बारिश संतुलित रही

मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का आंकड़ा 10 साल के औसत के आसपास रहा। बिलासपुर में 963.0 मिमी, कोरबा में 1056.9 मिमी, दुर्ग में 742.4 मिमी, सक्ती में 927.8 मिमी और जशपुर में 894.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों में बारिश 10 साल के औसत की करीब 95% से 107% तक रही। इसे संतुलित स्थिति के तौर पर देखा जा रहा है।

राजनांदगांव, कबीरधाम, रायगढ़, कोंडागांव और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में बारिश सामान्य से कुछ कम रही। हालांकि इन इलाकों में खरीफ फसलों के लिए स्थिति राहतजनक बनी हुई है।

आगे भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष की ओर से आगामी दिनों में कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश में मानसून की अब तक की स्थिति में जहां कई जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है, वहीं कुछ जिलों में बारिश की कमी बनी हुई है।