स्वतंत्र बोल
रायपुर 21 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण रात में ठंडक बढ़ रही है, जबकि दिन में गर्मी का अहसास बना रहेगा। पिछले 24 घंटे में बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री और रायपुर में 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं हैं। इसके बाद पारा 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन के समय गर्मी महसूस हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
रायपुर सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे कम तापमान
मंगलवार को रायपुर में प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। जगदलपुर को छोड़कर बाकी इलाकों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। द्रोणिका का प्रभाव खत्म होने के बाद आसमान साफ होने लगा है। इसका असर रात के तापमान पर दिखाई दे रहा है।
दो दिन बाद और गिर सकता है पारा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे रात के समय ठंडक बढ़ने का अहसास होगा। फिलहाल प्रदेश में कहीं भी मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।


