एक ही रात में 17 बकरियों की मौत… आंगन बना खौफ का मंजर, क्या किसी अनदेखी ताकत ने मचाया कत्लेआम?

स्वतंत्र बोल 
तखतपुर 10 अप्रैल 2026 तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चितावर से एक बेहद रहस्यमयी और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक गरीब परिवार की आजीविका का सहारा बनी 17 बकरे-बकरियों की एक ही रात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आशंकाओं का माहौल बना हुआ है।

ad

जानकारी के अनुसार, चितावर निवासी प्रेम लाल विरकों रोज की तरह शाम को अपने बकरे-बकरियों को चराने के बाद घर के आंगन में बांधकर सो गए थे। लेकिन अगली सुबह जब उनकी नींद खुली तो सामने का मंजर देख उनके होश उड़ गए। आंगन में एक-दो नहीं, बल्कि सभी 17 बकरा-बकरियों की लाशें पड़ी थीं।

youtube

बताया जा रहा है कि चितावर के नया आवास पारा में, सरपंच प्रतिनिधि के प्लॉट के पास मृत मिले इन जानवरों की हालत बेहद भयावह थी। कई बकरियों की अंतड़ियां तक बाहर निकल आई थीं, जिससे यह घटना और भी रहस्यमयी बन गई है। यह दृश्य देखकर पशुपालक और उसका पूरा परिवार गहरे सदमे में चला गया।

आठ सदस्यीय इस परिवार के लिए ये बकरा-बकरियां ही रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा थीं। अचानक उनकी मौत से परिवार पर लाखों रुपये का नुकसान हो गया है और अब उनके सामने जीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे किसी जंगली जानवर का हमला मान रहे हैं, तो कुछ इसे किसी अनजानी वजह से हुई घटना बता रहे हैं। फिलहाल सच्चाई क्या है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटना की सूचना सरपंच प्रतिनिधि देवा सिंगरौल द्वारा तुरंत पुलिस को दी गई। साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी मौके की जानकारी देकर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की गई है। इस रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है और हर कोई इसी सवाल का जवाब तलाश रहा है कि आखिर एक ही रात में ऐसा क्या हुआ, जिसने सब कुछ उजाड़ दिया।