स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 29 नवंबर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 29 नवंबर को ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में भारतीय चॉकलेट उद्योग की तारीफ की। उन्होंने गुजरात के सूरत स्थित चॉकलेट ब्रांड Schmitten का नाम लेते हुए कहा कि यह ‘मेड इन इंडिया’ फाइन चॉकलेट ब्रांड के रूप में दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। PM ने कच्छ में ऊंटनी के दूध से बनने वाली चॉकलेट का भी जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने तमिलनाडु के इरोड के ऑर्गेनिक ताड़ के गुड़ के पहली बार यूरोप पहुंचने की बात कही। PM मोदी ने कहा कि देश में अब स्टाइलिश चॉकलेट बुटीक का चलन भी बढ़ रहा है। यहां लोगों को सिर्फ चॉकलेट नहीं, बल्कि भारतीयता से जुड़ा लग्जरी अनुभव भी मिलता है। उनके मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में उद्यमी चॉकलेट बनाने के क्षेत्र में नए प्रयोग कर रहे हैं।
सूरत का Schmitten ब्रांड दुनिया में बना रहा पहचान
PM मोदी ने कहा, “सूरत की ‘Schmitten’ चॉकलेट, ‘मेड इन इंडिया’ फाइन चॉकलेट ब्रांड के रूप में वैश्विक स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बना रही है।” Schmitten एक भारतीय चॉकलेट ब्रांड है। इसकी वेबसाइट पर Rajhans Nutriments प्राइवेट लिमिटेड की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और सूरत में कॉर्पोरेट ऑफिस का पता दिया गया है। ब्रांड Schmitten Luxury Chocolates, Hoppits और गिफ्ट कलेक्शन जैसी श्रेणियों में उत्पाद पेश करता है। कंपनी के मुताबिक, उसके पोर्टफोलियो में 50 से अधिक तरह के चॉकलेट उत्पाद और गिफ्ट कॉम्बो शामिल हैं।
स्थानीय चीजों से नए फ्लेवर बना रहे स्टार्टअप
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में उद्यमी चॉकलेट बनाने के लिए नए विचारों के साथ आगे आ रहे हैं। इस क्षेत्र में कई स्टार्टअप नए प्रयोग कर रहे हैं। कुछ स्टार्टअप स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सामग्रियों से अलग-अलग फ्लेवर तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयोगों से किसानों, महिलाओं और युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर बन रहे हैं। PM ने चॉकलेट उद्योग को स्थानीय उत्पादों और नए कारोबार से जोड़ने की बात कही।
कच्छ की ऊंटनी के दूध से बन रही चॉकलेट
मन की बात में PM मोदी ने गुजरात के कच्छ क्षेत्र और चॉकलेट के खास संबंध का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि यहां ऊंटनी के दूध से चॉकलेट बनाई जा रही है। PM के मुताबिक, अमूल स्थानीय ऊंट पालकों से दूध लेकर चॉकलेट, केसर के स्वाद वाला दूध और ‘राजभोग’ आइसक्रीम जैसे उत्पाद तैयार करता है। इससे ऊंट पालकों के दूध को बाजार मिलने के साथ स्थानीय उत्पादों को भी पहचान मिल रही है। इरोड का ऑर्गेनिक ताड़ का गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा। प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के इरोड के ऑर्गेनिक ताड़ के गुड़ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सदियों से भारतीय घरों में इस्तेमाल होने वाला गुड़ अब विदेशी बाजारों तक पहुंच रहा है। PM के मुताबिक, इरोड का ऑर्गेनिक ताड़ का गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। यह पारंपरिक स्वाद के साथ गुणवत्ता के लिए भी जाना जा रहा है।
इससे पहले अक्टूबर 2026 में इरोड जिले से ऑर्गेनिक पामिरा गुड़ पाउडर की पहली खेप बुल्गारिया भेजी गई थी। इस निर्यात में APEDA ने मदद की थी। युवाओं के सपनों के सामने नशे को बताया चुमन की बात की शुरुआत में PM मोदी ने युवाओं में नशे की लत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भारतीय युवा बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत कर रहे हैं, लेकिन नशे की लत उनके सामने बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ का भी जिक्र किया। PM ने कहा कि देश में नशे के खिलाफ समाज की भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने नशे की लत से बाहर निकले एक युवा से बातचीत भी की और उसके अनुभव सुने। PM ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार और देश दोनों के लिए जरूरी है।


