बोर्ड की कॉपियों में ऐसी क्या चूक हुई कि 17 व्याख्याताओं की वेतनवृद्धि रोक दी गई? , जानें इसके पीछे की वजह

11

स्वतंत्र बोल
रायपुर 28 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की वर्ष 2024 और 2025 की हाईस्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गड़बड़ी के मामले में लोक शिक्षण संचालनालय ने 17 व्याख्याताओं पर कार्रवाई की है। इन सभी की आगामी एक वार्षिक वेतनवृद्धि संचयी प्रभाव से रोकने का आदेश जारी किया गया है। कार्रवाई की जद में अविभाजित राजनांदगांव जिले के वर्तमान राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के व्याख्याता शामिल हैं। संचालनालय के आदेश के अनुसार, उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन और अंकों की प्रविष्टि जैसे महत्वपूर्ण शासकीय काम में लापरवाही के कारण परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम प्रभावित हुए। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के तहत गंभीर कदाचार माना गया है।

ad

राजनांदगांव जिले के तीन व्याख्याता भी शामिल

कार्रवाई में राजनांदगांव जिले के तीन व्याख्याता शामिल हैं। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विल्हारी की व्याख्याता भारती सिंह ठाकुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साल्हे के व्याख्याता शिरीष श्रीवास्तव और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटेवा की व्याख्याता प्रीति सोनी शामिल हैं।

youtube

15 दिन में सेवा पुस्तिका में दर्ज करनी होगी कार्रवाई

लोक शिक्षण संचालनालय ने संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों को कार्रवाई का आदेश भेज दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित व्याख्याताओं की सेवा पुस्तिका में शास्ति का विवरण दर्ज करें। इसके बाद 15 दिनों के भीतर पालन प्रतिवेदन संचालनालय को भेजना होगा। कार्रवाई के तहत आगामी एक वार्षिक वेतनवृद्धि संचयी प्रभाव से रोकी गई है। यह आदेश प्रदेशभर में मूल्यांकन कार्य में दोषी पाए गए सदस्यों के खिलाफ जारी किया गया है।