देश की संसद होगी बड़ी, राज्यों की विधानसभाओं में भी बढ़ेंगी सीटें, जानिए आपके राज्य पर कितना असर!

Block everything

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 28 नवंबर 2026:
महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33% आरक्षण देने की तैयारी के साथ केंद्र सरकार ने सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने इससे जुड़े तीन विधेयकों को मंजूरी दी। प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा और हर राज्य की विधानसभा में मौजूदा सीटों से 50% ज्यादा सीटें होंगी। सरकार का लक्ष्य 2029 के चुनाव से महिला आरक्षण लागू करना है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटें मौजूदा 543 से बढ़कर करीब 815 हो सकती हैं। हालांकि, सदन की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रावधान है। राज्यों की विधानसभाओं में भी 50% सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव है। उनकी अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने की तैयारी है। सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रही संसद की विशेष बैठक में ये विधेयक पेश करेगी। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा 2 और 3 दिसंबर को बैठेगी। विधेयकों पर चर्चा के बाद इन्हें पारित कराने की कोशिश होगी।

ad

छत्तीसगढ़ में लोकसभा की 17 और विधानसभा की 135 सीटों का प्रस्ताव

सीटों में 50% बढ़ोतरी के प्रस्ताव का असर छत्तीसगढ़ पर भी पड़ेगा। राज्य में लोकसभा की मौजूदा 11 सीटें बढ़कर 17 हो सकती हैं। वहीं, विधानसभा की 90 सीटें बढ़कर 135 करने का प्रस्ताव है। यानी लोकसभा में 6 और विधानसभा में 45 सीटें बढ़ सकती हैं। उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। वहां मौजूदा 403 सीटों में 50% बढ़ोतरी के बाद संख्या करीब 605 हो सकती है। इसके लिए विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या की सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव रखा गया है।

youtube

2051 तक राज्यों के बीच सीटों का अनुपात रहेगा बरकरार

इस प्रस्ताव में राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने की बात कही गई है। यह अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर तय है। सरकार इसे 2051 तक फ्रीज रखना चाहती है। दक्षिणी राज्यों की चिंता थी कि नई जनगणना के आधार पर परिसीमन होने पर उनकी लोकसभा सीटों का हिस्सा घट सकता है। इन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे में आबादी के आधार पर सीटें बढ़ने से उत्तर भारत के राज्यों का प्रतिनिधित्व ज्यादा बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी। नए प्रस्ताव में हर राज्य की सीटें 50% बढ़ाने की बात है। इससे राज्यों के बीच मौजूदा अनुपात बनाए रखने की कोशिश की गई है। वहीं, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर तय करने का प्रस्ताव है।

महिला आरक्षण 15 साल के लिए, सीटों में बदलाव का प्रावधान

महिलाओं के लिए 33% आरक्षण परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लागू करने का प्रस्ताव है। इसे शुरुआत में 15 साल के लिए लागू किया जाएगा। आरक्षित सीटों को हर कार्यकाल के बाद बदलने का प्रावधान भी प्रस्तावित है। इससे पहले अप्रैल में सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक लेकर आई थी, लेकिन लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक को जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला था। इस बार सरकार ने राज्यों के बीच सीटों का अनुपात बनाए रखने और सभी राज्यों में 50% बढ़ोतरी का प्रावधान जोड़ा है।

विपक्षी दलों के समर्थन पर नजर

नए प्रस्ताव के बाद सरकार को कुछ क्षेत्रीय दलों का समर्थन मिलने की उम्मीद है। द्रमुक नेता एमके स्टालिन ने पहले मांग रखी थी कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18% हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए और राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 25 साल तक बरकरार रहना चाहिए। प्रस्ताव में इन मांगों को शामिल किए जाने के बाद द्रमुक के समर्थन की संभावना जताई जा रही है। एनसीपी के शरद पवार गुट और कुछ अन्य दलों के रुख पर भी नजर है। संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होगी।

परिसीमन क्या है?

परिसीमन का मतलब जनसंख्या और तय नियमों के आधार पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं फिर से तय करना है। इसी प्रक्रिया में यह तय होता है कि किस राज्य या क्षेत्र में कितने निर्वाचन क्षेत्र होंगे और उनकी सीमाएं कहां तक होंगी। अभी राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का बंटवारा 1971 की जनगणना के आधार पर तय है। नए प्रस्ताव में राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 2051 तक बनाए रखने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर तय करने की बात कही गई है।