विदेश में फरारी खत्म, अब शराब घोटाले का मनीमैन लाया गया रायपुर, अब EOW करेगी पूछताछ

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 28 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले में आरोपी और कथित मनीमैन विकास अग्रवाल को दुबई से भारत लाया गया है। सीबीआई की मदद से आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने उसे दुबई में अपने कब्जे में लिया। शुक्रवार देर रात टीम उसे रायपुर लेकर पहुंची और कोर्ट में पेश किया। अदालत ने पूछताछ के लिए उसे 30 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। विकास अग्रवाल को भारत लाने के लिए EOW चीफ अमरेश मिश्रा अपनी टीम के साथ दुबई गए थे। वह छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से दर्ज भ्रष्टाचार के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।

ad

शराब घोटाले की रकम ठिकाने लगाने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल शराब घोटाले में शामिल कथित संगठित गिरोह में ‘सेंट्रल फाइनेंशियल कोऑर्डिनेटर’ की भूमिका निभाता था। वह घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर का करीबी बताया जाता है। आरोप है कि घोटाले से मिली रकम को इधर-उधर करने की जिम्मेदारी उसी के पास थी। जांच के अनुसार, 2019 से 2022 के बीच छत्तीसगढ़ की शराब वितरण व्यवस्था में गड़बड़ियां की गईं। इससे राज्य के खजाने को 1,280 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान होने का आरोप है। विकास पर डिस्टिलरीज यानी शराब बनाने वाली इकाइयों से कमीशन वसूलने और उसे सरकारी अधिकारियों व दूसरे लाभार्थियों तक पहुंचाने का आरोप है। इसके अलावा, जांच एजेंसियों का आरोप है कि उसने अपराध से मिली रकम को अलग-अलग कंपनियों और वित्तीय व्यवस्थाओं के जरिए इधर-उधर किया। ऐसा करने का मकसद पैसे के स्रोत और उसके असली मालिक की पहचान छिपाना बताया गया है। इस मामले में नवंबर 2024 में अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। विकास अग्रवाल इसके बाद से फरार था।

youtube

इंटरपोल के रेड नोटिस के बाद दुबई में गिरफ्तारी

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर नई दिल्ली स्थित इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो ने विकास अग्रवाल के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE के अधिकारियों ने उसे भारत को सौंप दिया। छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम उसे लेने UAE पहुंची थी। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आरोपी को भारतीय टीम के हवाले किया गया। शुक्रवार को टीम उसे लेकर मुंबई हवाई अड्डे पहुंची और फिर रायपुर लाई।

भारतपोल के जरिए अंतरराष्ट्रीय पुलिस समन्वय

भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के तौर पर सीबीआई काम करती है। वह देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ भारतपोल के जरिए समन्वय करती है। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को बढ़ावा देना है। दी गई जानकारी के मुताबिक, 2019 से अब तक इंटरपोल के जरिए 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है। इनमें 2026 में वापस लाए गए 78 भगोड़े भी शामिल हैं।