सिर पर सजी सिख परंपरा की पगड़ी, जुबां पर विकास की बात, अब गढ़फुलझर में क्या बदलेगा?

1795777083 b3066f5f166270eca847

स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 नवंबर 2026:
महासमुंद जिले के गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानकसागर साहिब गुरुद्वारे के विकास के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव की स्मृतियों से जुड़े गढ़फुलझर को आस्था, सेवा और सामाजिक सद्भाव के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय बसना विकासखंड के गढ़फुलझर स्थित नानकसागर साहिब गुरुद्वारे में सिख समाज की ओर से आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेका और प्रदेशवासियों की सुख-शांति तथा समृद्धि के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने शबद कीर्तन भी सुना।

ad

गुरु नानक देव की स्मृतियों से जुड़ा है गढ़फुलझर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फुलझर का संबंध प्रथम सिख गुरु गुरु नानक देव से है। करीब पांच शताब्दी पहले उनके यहां आने की स्मृतियां आज भी इस जगह की पहचान का हिस्सा हैं। उन्होंने तत्कालीन राजा भैंना की ओर से पांच एकड़ जमीन दान किए जाने का प्रसंग भी बताया। साय ने कहा कि गढ़फुलझर केवल धार्मिक स्थल नहीं है। यह सिख, कोलता और आदिवासी समाज सहित कई समुदायों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सरकार इस जगह का समग्र विकास करेगी, ताकि यहां आने वाले लोगों को आध्यात्मिक शांति के साथ सामाजिक सद्भाव का संदेश भी मिले।

youtube

नानकसागर के लिए 1 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने नानकसागर के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों से धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी। साथ ही गढ़फुलझर को आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में पहचान मिलेगी।

गुरु नानक की शिक्षाओं और लंगर सेवा का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव ने प्रेम, करुणा, समानता, मेहनत और सेवा का संदेश दिया। उनका संदेश किसी एक समाज तक सीमित नहीं है। ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के सुख और कल्याण के लिए काम करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने गुरुद्वारों में होने वाली लंगर सेवा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां सभी लोग बिना किसी भेदभाव के एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह सामाजिक समानता और भाईचारे का उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है।

विधायक संपत अग्रवाल ने बताया ऐतिहासिक महत्व

कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फुलझर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व है। करीब 500 साल पहले गुरु नानक देव के यहां आने और प्रवास की स्मृतियां इस जगह को विशेष पहचान देती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं से नानकसागर और गढ़फुलझर के विकास को गति मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ इस स्थल की पहचान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक होगी।