स्वतंत्र बोल
रायपुर 26 नवंबर 2026: जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र में एक महिला की हत्या कर शव झाड़ियों में छिपाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, महिला के पूर्व प्रेमी ने उसे दूसरे युवक के साथ देखा था। इसके बाद उसने कथित तौर पर महिला की हत्या कर दी और शव जंगल की झाड़ियों में छिपा दिया। महिला दो दिन तक लापता रही। गांव में बैठक के दौरान पूर्व प्रेमी पर संदेह जताया गया। इसके बाद आरोपी ने जहर खा लिया। अस्पताल में पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात कबूल की। पुलिस ने बुधवार को शव बरामद किया। मामला पंतोरा चौकी के ग्राम अंगारखार का है। पुलिस के मुताबिक, धनेश्वरी बाई के पति का कुछ साल पहले निधन हो गया था। वह अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। गांव में रहने वाला शिवचरण यादव उसका पूर्व प्रेमी था। 22 नवंबर को धनेश्वरी अपने दूसरे प्रेमी के साथ तिलसाखार पहरी गई थी। वहां दोनों बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान शिवचरण यादव भी पहुंच गया। इसके बाद तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान महिला का दूसरा प्रेमी वहां से चला गया। इसके बाद शिवचरण ने धनेश्वरी की हत्या कर दी और शव को जंगल की झाड़ियों में छिपाकर घर लौट आया।
दो दिन तक तलाशते रहे परिजन, गांव में बुलाई बैठक
धनेश्वरी के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो गांव में बैठक बुलाई गई। बैठक में शिवचरण पर संदेह जताया गया। ग्रामीणों ने उसे बुलाकर महिला के बारे में पूछताछ की, लेकिन उसने कुछ भी जानने से इनकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद शिवचरण ने जहर खा लिया। परिजन उसे इलाज के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया।
अस्पताल में पूछताछ के दौरान कबूली हत्या
जहर खाने की जानकारी जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से पंतोरा चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने अस्पताल में शिवचरण से पूछताछ की। इस दौरान उसने धनेश्वरी की हत्या करने और शव को झाड़ियों में छिपाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को जंगल की झाड़ियों से धनेश्वरी का शव बरामद किया। पंतोरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी की निगरानी के लिए चौकी से पुलिस टीम को मेडिकल कॉलेज में तैनात किया गया है।


