मुझे छुड़ाने आ जाएं…व्यापारियों ने मंत्री को बनाया बंधक ! फिर TI को फोन कर….?

Untitled

स्वतंत्र बोल
अंबिकापुर 24 नवंबर 2026:
अंबिकापुर में 50 लाख रुपये की चोरी के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज व्यापारियों के बीच पहुंचे छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने सीधे कोतवाली थाना प्रभारी को फोन लगा दिया। उन्होंने कहा, “अगर चोर नहीं पकड़ पा रहे हैं, तो मुझे छुड़ाने आ जाएं या पुलिस टीम भेजें।” मंत्री के इस तेवर के बाद थाना प्रभारी ने दो दिन के भीतर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। मंत्री राजेश अग्रवाल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में हुई चोरी से जुड़ा है। कंपनी के संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में 50 लाख रुपये की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।

ad

व्यापारियों ने मंत्री को बताई पुलिस की शिकायत

सोमवार शाम अग्रसेन भवन में व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल को चोरी के मामले की जानकारी दी। व्यापारियों का आरोप था कि पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने थाना प्रभारी को खर्चा-पानी देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप भी लगाया। व्यापारियों की बात सुनने के बाद मंत्री ने जेब से फोन निकाला और संबंधित कोतवाली थाना प्रभारी को कॉल किया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि 40-50 व्यापारियों ने उन्हें बांधकर बैठा लिया है। अगर चोर नहीं पकड़े जा रहे हैं, तो उन्हें छुड़ाने आ जाएं। इसके बाद थाना प्रभारी ने मामले में दो दिन के भीतर कार्रवाई करने की मोहलत मांगी। अब व्यापारियों को चोरी के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद है।

youtube

फर्जी सील और रसीद से सामान निकालने का आरोप

खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी के संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में 50 लाख रुपये की चोरी की शिकायत की थी। शिकायत में कंपनी की बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की पर फर्जी सील और रसीदें तैयार करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, अंजुम निशा कंपनी में पिछले छह साल से काम कर रही थी। आरोप है कि फर्जी सील और रसीदों के जरिए पिछले चार महीने में कंपनी का सामान पिकअप और दूसरे वाहनों से गंगापुर स्थित एक अन्य गोदाम में पहुंचाया गया। कंपनी के एक कर्मचारी के खुलासे के बाद सामान का मिलान किया गया। इसमें 50 लाख रुपये से अधिक की हेराफेरी सामने आने की बात कही गई है।

मंत्री के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई का इंतजार

चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई में देरी को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। अब मंत्री राजेश अग्रवाल के हस्तक्षेप और थाना प्रभारी की ओर से दो दिन में कार्रवाई के भरोसे के बाद मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है। हालांकि, शिकायत में जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके खिलाफ आरोप अभी जांच का विषय हैं।