स्वतंत्र बोल
भुवनेश्वर 19 नवंबर 2026: ओडिशा में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बचाव और राहत अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के मुताबिक, अब तक करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। तूफान के आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका है।
तटीय के साथ पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भी रेस्क्यू
बुधवार को मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा लोगों को गंजाम जिले से निकाला जाएगा और यहां बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान चल रहा है। सरकार का जोर सिर्फ तटीय इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में भी लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य जीरो कैजुअल्टी यानी तूफान के दौरान किसी की जान न जाने देना है। इसके लिए राज्य में 3 हजार चक्रवात राहत केंद्र तैयार किए गए हैं, जिनमें से 448 केंद्रों को पहले ही चालू कर दिया गया है।
15 जिलों को 20 करोड़ रुपये आवंटित
राहत और बचाव कार्यों के लिए सरकार ने 15 जिलों को 20 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों के कई गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को ओडिशा के 11 जिलों में बहुत भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी दी है। इनमें मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा, कालाहांडी, गजपति, गंजाम, कंधमाल, बौध, पुरी, नयागढ़ और खुर्दा शामिल हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, ओडिशा के तटीय इलाकों में हवा की औसत रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
6 जिलों में तीन दिन स्कूल बंद, छुट्टियां रद्द
तूफान को देखते हुए सरकार ने गंजाम, गजपति, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा और कंधमाल जिलों में गुरुवार से तीन दिनों तक स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्यों में देरी न हो।


