मारो में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और हाट-बाजार के लिए एक-एक करोड़ देने की घोषणा, जल आपूर्ति पर भी बड़ा ऐलान

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 18 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने बेमेतरा जिले के मारो नगर पंचायत में दो करोड़ 31 लाख 79 हजार रुपए के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने मारो में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और हाट-बाजार के लिए एक-एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। साथ ही जल आपूर्ति सुविधाओं के विस्तार के लिए 30 करोड़ रुपए देने का भी ऐलान किया। कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल और विधायक ईश्वर साहू भी विशेष रूप से शामिल हुए।

ad

इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन और लोकार्पण

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मारो में कुल दो करोड़ 31 लाख 79 हजार रुपए के चार कार्यों का भूमिपूजन और एक कार्य का लोकार्पण किया:

youtube
  • भूमिपूजन: वार्ड क्रमांक-3 में 75 लाख 20 हजार रुपए की लागत से डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मंगल भवन, 29 लाख 67 हजार रुपए का मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी, वार्ड क्रमांक-12 में 48 लाख 71 हजार रुपए के देवराहा तालाब के मुक्तिधाम उन्नयन, और विभिन्न वार्डों में 67 लाख 21 हजार रुपए लागत के 12 सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्य।

  • लोकार्पण: विकासखंड नवागढ़ के सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में 11 लाख रुपए से निर्मित रंगमंच एवं भवन।

सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध: उपमुख्यमंत्री

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। नगरों का सुनियोजित विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और बाजार जैसी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। वहीं, विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि मारो सहित पूरे क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडेय, बेमेतरा जिला पंचायत की सभापति अंजू बघेल, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं और अजय साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।