थाली-चम्मच, काली साड़ी और काला चश्मा; 3 दिन ऐसे विरोध करेंगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता

Anganwadi workers preparing for … 3af2dc90

स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं 17 से 19 नवंबर तक प्रदेशभर में तीन दिवसीय प्रदर्शन करेंगी। इस दौरान वे नुक्कड़ नाटक, थाली-चम्मच बजाकर विरोध और काली साड़ी-काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाएंगी। आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं ने नियमितीकरण, शासकीय कर्मचारी का दर्जा और मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर दिसंबर में प्रांतीय महापड़ाव किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

ad

तीन दिन अलग-अलग तरीके से होगा प्रदर्शन

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विरोध के लिए तीन दिन का अलग-अलग कार्यक्रम तय किया है।

youtube
  • 17 नवंबर: आंदोलन के पहले दिन नुक्कड़ नाटक के जरिए मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
  • 18 नवंबर: कार्यकर्ता थाली-चम्मच बजाकर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगी।
  • 19 नवंबर: काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाया जाएगा।

नियमितीकरण और 30 हजार मानदेय की मांग

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांग है कि उन्हें नियमित कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग की जा रही है। अन्य मांगों में 5G मोबाइल की सुविधा, इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये करना और पदोन्नति देना शामिल है।

दिसंबर में महापड़ाव, फिर हड़ताल की चेतावनी

आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं ने कहा है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।