स्वतंत्र बोल
रायपुर 15 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के दौरान खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की मौजूदगी में खरीदी का शुभारंभ किया। इस साल किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। सरकार ने यह भी फैसला किया है कि 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार कम उत्पादन या दूसरी परिस्थितियों के कारण किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाते। ऐसे पात्र किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी सहायता राशि दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर यदि कोई किसान एक एकड़ में 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के बराबर की आदान सहायता राशि भी उसे मिलेगी। इस तरह उसे प्रति एकड़ निर्धारित 13,839 रुपये की पूरी सहायता दी जाएगी। सरकार के इस फैसले से कम उत्पादन वाले जनजातीय और वनांचल क्षेत्रों के पात्र किसानों को लाभ मिलने की बात कही गई है।
प्रदेश के 3,095 केंद्रों में धान खरीदी की व्यवस्था
राज्य सरकार ने इस खरीफ सीजन में करीब 27 लाख 50 हजार किसानों से धान खरीदने की व्यवस्था की है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में कुल 3,095 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। 15 नवंबर 2026 तक इनमें से 2,805 केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके थे, जबकि 1,606 केंद्रों में धान खरीदी शुरू हो गई थी। इन केंद्रों में अब तक कुल 1,98,364.80 क्विंटल धान खरीदा गया है। इसमें 1,10,979.20 क्विंटल मोटा धान, 80,489.60 क्विंटल पतला धान और 6,896 क्विंटल सरना धान शामिल है।
राजनांदगांव में 26,464 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी
जिलेवार आंकड़ों के मुताबिक, राजनांदगांव में अब तक 26,464.40 क्विंटल धान खरीदा गया है। जिले के सभी 122 उपार्जन केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके हैं और 115 केंद्रों में खरीदी शुरू हो गई है। बालोद जिले में 161 केंद्रों में टोकन जारी किए गए हैं। इनमें से 123 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। यहां अब तक 24,676 क्विंटल धान खरीदा गया है। महासमुंद जिले के 202 केंद्रों में से 201 में टोकन जारी हुए हैं और 176 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। यहां अब तक 20,444.80 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है। धमतरी जिले के सभी 108 केंद्रों में टोकन जारी किए गए हैं। इनमें से 99 केंद्रों में खरीदी शुरू हुई है। जिले में अब तक 19,829.20 क्विंटल धान खरीदा गया है।
इन जिलों में भी शुरू हुई खरीदी
बेमेतरा जिले के सभी 157 केंद्रों में टोकन जारी हो चुके हैं। इनमें से 118 केंद्रों में खरीदी शुरू हुई है। यहां अब तक 16,320.40 क्विंटल धान खरीदा गया है। दुर्ग जिले के सभी 123 केंद्रों में टोकन जारी किए गए हैं और 83 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। यहां 13,952.80 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 72 में से 71 केंद्रों में खरीदी शुरू हो गई है। जिले में अब तक 11,871.60 क्विंटल धान खरीदा गया है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 181 केंद्रों में से 178 में टोकन जारी हुए हैं। यहां 116 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है और अब तक 10,004.40 क्विंटल धान खरीदा गया है।bरायपुर जिले के 159 में से 158 केंद्रों में टोकन जारी किए गए हैं। यहां 129 केंद्रों में खरीदी शुरू हुई है और अब तक 9,365.60 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है। कवर्धा जिले के 144 केंद्रों में से 141 में टोकन जारी हुए हैं। इनमें से 80 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। जिले में अब तक 7,386 क्विंटल धान खरीदा गया है। गरियाबंद जिले के सभी 97 केंद्रों में टोकन जारी हो चुके हैं। इनमें से 92 केंद्रों में खरीदी शुरू हुई है। यहां अब तक 6,743.60 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। बलरामपुर जिले के 54 केंद्रों में से 50 में टोकन जारी किए गए हैं। इनमें से 34 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। जिले में अब तक 5,614 क्विंटल धान खरीदा गया है।


