स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 13 नवंबर 2026: असम के काजीरंगा में शुक्रवार को कंटेनर ट्रक और यात्रियों से भरी ट्रैवलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत की खबर है। कई यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना गोलाघाट जिले के रंगाजन इलाके में हाथीकुली चाय बागान के पास नेशनल हाईवे-715 पर हुई। पुलिस के मुताबिक, ट्रैवलर बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसकी कंटेनर ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। ट्रैवलर के अंदर कुछ लोगों के फंसे होने की जानकारी भी सामने आई है।
CM हिमंता ने जताया दुख
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि इस दर्दनाक हादसे से पूरा राज्य दुखी है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में असम के लोग पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।


