राहुल गांधी का बड़ा दावा, कहा- मेरे फोन में मौजूद हैं सबूत, पीएम मोदी को भी है इसकी जानकारी

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 13 नवंबर 2026:
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक बड़ा दावा किया है। राहुल गांधी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कहा कि उनके फोन में ऐसे सबूत मौजूद हैं, जिनके बारे में प्रधानमंत्री को भी पूरी जानकारी है, क्योंकि वह उनका फोन टैप करते हैं। इसके साथ ही राहुल ने प्रधानमंत्री को आमने-सामने बहस की चुनौती भी दी है। राहुल गांधी ने कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री उनके साथ वन-ऑन-वन डिबेट के लिए आएंगे, उस दिन सबको साफ पता चल जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है और कौन देशविरोधी है। उन्होंने दावा किया कि उनके फोन में इस संबंध में कई जानकारियां और सबूत मौजूद हैं, साथ ही उनके पास इस बात की भी जानकारी है कि कौन कब से देशविरोधी गतिविधियों में शामिल रहा है।

ad

पहले भी लगा चुके हैं फोन टैपिंग के आरोप

फोन टैपिंग और विदेशी ताकतों के नियंत्रण से जुड़े आरोप राहुल गांधी पहले भी कई बार सार्वजनिक मंचों पर दोहरा चुके हैं। जुलाई 2021 में पेगासस जासूसी विवाद के दौरान संसद परिसर में उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके सभी फोन टैप किए जा रहे हैं। तब उन्होंने दावा किया था कि इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी उन्हें फोन करके इस बारे में बताते हैं और उनके सुरक्षा कर्मियों को भी बातचीत की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए जाते हैं। इसके बाद मार्च 2023 में ब्रिटेन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी और जून 2023 में अमेरिका के कैलिफोर्निया में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान भी राहुल गांधी ने फोन टैपिंग का मुद्दा उठाया था। अमेरिका में मजाकिया अंदाज में अपने आईफोन की ओर देखते हुए उन्होंने ‘हैलो मिस्टर मोदी’ कहा था और दावा किया था कि सरकार को उनके कामकाज की पूरी जानकारी रहती है।

youtube

किसी भी मंच पर, कभी भी बहस की चुनौती

हाल ही में 2 नवंबर 2026 को राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को विदेशी मदद के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी थी। प्रधानमंत्री की तरफ से विपक्ष पर विदेशी समर्थन से देश को अस्थिर करने के आरोपों के जवाब में राहुल ने पलटवार किया था और कहा था कि प्रधानमंत्री खुद विदेशी मदद से सत्ता में आए हैं। राहुल ने ‘किसी भी मंच पर, कभी भी’ बहस करने की बात कही थी।