स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 12 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में जमीन बंटवारे के विवाद में एक बेटे ने अपने 76 वर्षीय पिता पर लोहे के हथियार से हमला किया। इसके बाद उनके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बुजुर्ग 90 फीसदी झुलस गए हैं। उन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर की है।
ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट के पास 30 डिसमिल जमीन है। इसका 10-10 डिसमिल के तीन बराबर हिस्सों में बंटवारा होना था। एक हिस्सा विश्राम के पास रहना था, जबकि बाकी दो हिस्से बेटे आशाराम और बेटी दुरपति बाई को मिलने थे। आशाराम इसी बंटवारे को लेकर नाराज था। वह बार-बार पिता से जमीन का हिस्सा मांगता और उन्हें धमकी देता था। बुधवार दोपहर करीब 12.15 बजे आशाराम दोबारा घर पहुंचा। उस समय पिता घर में अकेले थे। बेटी दुरपति कुछ देर के लिए पड़ोस में गई थी, जबकि दामाद गंगा प्रसाद काम से बाहर था। पोती सीमा (9) ने मां को मामा के आने की जानकारी दी।
दुरपति घर पहुंची तो पिता आग की लपटों में घिरे थे और इधर-उधर भाग रहे थे। उसने घर के भीतर से पानी लाकर आग बुझाई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर पिता को सिम्स पहुंचाया। सिम्स के एमएस डॉ. लखन सिंह के मुताबिक, विश्राम 90 फीसदी झुलस चुके हैं।
दो दिन पहले पिता और बहन को दी थी हत्या की धमकी
जमीन बंटवारे को लेकर विवाद पहले भी थाने तक पहुंच चुका था। करीब दो साल पहले विश्राम ने बेटे आशाराम के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी। दामाद गंगा प्रसाद के मुताबिक, आरोपी दो दिन पहले पत्नी के साथ घर आया था। उस समय उसने पिता और बहन की हत्या करने की धमकी दी थी।
पत्नी और एक बेटे की 12 साल पहले हो चुकी है मौत
विश्राम के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनकी पत्नी और एक बेटे परसु की 12 साल पहले मौत हो चुकी है, जबकि एक बेटा पिछले 15 साल से लापता है। बड़ा बेटा आशाराम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में रहता था। उम्र अधिक होने के कारण विश्राम ने बेटी दुरपति बाई और दामाद गंगा प्रसाद को अपने साथ रखा था।
बेटी के बयान पर हत्या के प्रयास की धारा में कार्रवाई
सीपत पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद परिजन विश्राम को अस्पताल ले गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस सिम्स पहुंची। विश्राम अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस ने बेटी के बयान के आधार पर फिलहाल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास की कार्रवाई की है। आरोपी की तलाश जारी है।


