स्वतंत्र बोल
श्रीनगर 12 नवंबर 2026: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव बरामद किए गए हैं। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। मृत जवानों की पहचान ऋषिपाल और बॉबी चंद के रूप में हुई है। दोनों स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) का हिस्सा थे। वे ड्यूटी के लिए सेना की एक चौकी की ओर जा रहे थे, लेकिन वहां नहीं पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक, दोनों SPO किश्तवाड़ के मारवाह इलाके के देहरना जंगल क्षेत्र में लापता हुए थे। इलाके में फायरिंग की आवाज सुनने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई थी। अब सर्च ऑपरेशन के दौरान उनके शव मिलने की जानकारी सामने आई है।
सेना की चौकी के लिए निकले थे दोनों जवान
अधिकारियों के मुताबिक, ऋषिपाल और बॉबी चंद कियार कैंप से ढारना-मारवाह स्थित सेना की चौकी के लिए निकले थे। वे कियार दच्छन से अपर रिज देहरना के इंदरवन इलाके में बसनान में तैनात सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की टीम को रिलीव करने जा रहे थे। हालांकि, दोनों अपने तय ठिकाने तक नहीं पहुंचे। शुरुआत में उनके मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन कुछ समय बाद दोनों नंबर बंद हो गए। इसके बाद उनकी सुरक्षा और ठिकाने को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
पुलिस और सेना ने चलाया संयुक्त सर्च ऑपरेशन
दोनों जवानों के लापता होने के बाद पुलिस और सेना की राष्ट्रीय राइफल्स ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। सुरक्षा बलों की टीमें दुर्गम पहाड़ी और जंगल वाले इलाकों में उनकी तलाश कर रही थीं। अधिकारियों ने बताया था कि अभियान का मकसद दोनों जवानों का पता लगाने के साथ उनके लापता होने की परिस्थितियों का पता लगाना भी था। इसी तलाशी अभियान के दौरान अब दोनों के शव बरामद होने की जानकारी मिली है।
आतंकी गतिविधि से जोड़ना जल्दबाजी: अधिकारी
अधिकारियों के मुताबिक, घटना के पूरे तथ्य सामने आने से पहले इसे किसी आतंकी गतिविधि से जोड़ना जल्दबाजी होगी। हालांकि, दो SPO के इस तरह लापता होने और बाद में उनके शव मिलने से किश्तवाड़ जिले की सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता बढ़ी है। किश्तवाड़ पिछले कई वर्षों में आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं का गवाह रहा है। इससे पहले हाल ही में जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF कैंप पर हमला हुआ था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। CRPF के मुताबिक, नाके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था।


