स्वतंत्र बोल
रायपुर 11 नवंबर 2026: रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अम्बेडकर टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। दोनों के खिलाफ राजधानी में ठगी का नया मामला सामने आया है। आरोपियों ने दूसरे की जमीन को अपना बताकर एक शराब कारोबारी को 36 लाख रुपये का चूना लगाया है। पीड़ित आशीष जायसवाल की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
ऐसे दिया गया धोखाधड़ी को अंजाम
शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल ने पुलिस को बताया कि उनके परिचित जगदीश जायसवाल के जरिए दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन से उनकी पहचान हुई थी। जगदीश ने 1600 वर्गफुट की जमीन उपलब्ध होने की जानकारी दी थी, जिस पर वर्तमान में ‘एटमास्फिरिया’ संचालित हो रहा है। भूमि और रेस्टोरेंट दोनों बिक्री के लिए उपलब्ध बताए गए थे। इसके बाद आशीष और उनके दोस्त ने मिलकर दीपक और बरखा के खाते में पैसे ट्रांसफर किए। शुरुआत में 1 लाख रुपये टोकन मनी के रूप में दिए गए। इसके बाद तीन किश्तों में 25 लाख रुपये, फिर 3 लाख और 2 लाख यानी कुल 30 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके बाद होटल पहुंचकर 5 लाख रुपये नकद दिए गए। बाद में जब जांच की गई तो पता चला कि वह जमीन उनके नाम पर नहीं थी।
धमकी और पुलिस कार्रवाई
जमीन के स्वामित्व को लेकर सच्चाई सामने आने के बाद जब शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने और एससी-एसटी एक्ट के झूठे मामले में फंसाकर जीवन बर्बाद करने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। बरखा टंडन को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दीपक टंडन पहले से ही बिलासपुर पुलिस की रिमांड पर हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। गौरतलब है कि इस दंपती के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के आरोप लग चुके हैं, और इस नए मामले के सामने आने के बाद ठगी के अन्य पीड़ित भी सामने आने लगे हैं।


