स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 6 नवंबर 2026: पंजाब के पटियाला में शुक्रवार दोपहर बिहार जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लग गई। आग ट्रेन की पैंट्री से शुरू हुई और कुछ दूसरी बोगियों तक फैल गई। घटना सराय वंजारा गांव के पास हुई। फायर अलार्म बजने के बाद यात्री सतर्क हो गए और ट्रेन से बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। पटियाला के DC हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि आग पैंट्री से शुरू हुई थी। इसके बाद कुछ अन्य बोगियां भी इसकी चपेट में आ गईं। फायर अलार्म बजने से यात्री समय रहते सतर्क हो गए और ट्रेन से बाहर निकल आए।
ट्रेन से बाहर निकले यात्री, दूर तक उठा धुआं
आग लगने के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। यात्री डरकर बोगियों से बाहर निकल आए और सुरक्षित जगह पर खड़े हो गए। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें घटनास्थल से दूर तक धुआं उठता दिखाई दे रहा है। शुरुआत में कई यात्रियों के आग की चपेट में आने की सूचना थी। हालांकि, DC हिमांशु अग्रवाल के मुताबिक, फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
रेलवे ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश
रेलवे ने आग लगने की घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में आग लगने के सभी संभावित पहलुओं को देखा जाएगा। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। आग से कितना नुकसान हुआ है, इसकी विस्तृत जानकारी का इंतजार है। रेलवे की जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।


