सड़क चौड़ीकरण में कहां फंसा काम, सचिव ने अधिकारियों को क्या निर्देश दिए?

1793693174 f7dca0dae2148a178b2e

स्वतंत्र बोल
रायपुर 3 नवंबर 2026:
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में चल रहे लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने खैरागढ़ में संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, बायपास मार्ग, आमनेर नदी पर बन रहे उच्च स्तरीय पुल और सड़क चौड़ीकरण के काम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पालन करते हुए काम पूरा करने को कहा।

ad

18.75 करोड़ से बन रहा संयुक्त जिला कार्यालय भवन

खैरागढ़ में 18 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से संयुक्त जिला कार्यालय भवन बनाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता एल.एन.एस. राठौर ने सचिव को निर्माण की स्थिति बताई।

youtube

उन्होंने बताया कि भवन के भूतल में स्तंभ निर्माण का काम पूरा हो चुका है। प्रथम तल के ब्लॉक ‘ए’ में स्लैब और शटरिंग का काम चल रहा है। वहीं, ब्लॉक ‘बी’ और ‘सी’ में कॉलम स्तर तक निर्माण पूरा कर लिया गया है। इस भवन को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सर्किट हाउस मार्च 2027 तक होगा तैयार

सचिव ने 3 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत से बन रहे सर्किट हाउस का भी निरीक्षण किया। यहां भवन के ऊपरी ढांचे का निर्माण चल रहा है। विभाग ने इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।

आमनेर नदी के पुल का काम फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

खैरागढ़ बायपास मार्ग पर आमनेर नदी में उच्च स्तरीय पुल बनाया जा रहा है। पुल के दोनों एबटमेंट का काम पूरा हो चुका है। इसके सभी पांच पियर बनाए जा रहे हैं और छह में से तीन स्पैन की ढलाई का काम प्रगति पर है।

पुल का निर्माण फरवरी 2027 तक पूरा किया जाना है। सचिव ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

सड़क चौड़ीकरण में बाधाएं दूर करने को कहा

सचिव ने राज्य मार्ग क्रमांक-5 पर 10.40 किलोमीटर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मार्ग पर 10 किलोमीटर डीबीएम का काम किया जाना है।

इसके अलावा 400 मीटर क्षेत्र में पेड़ों की कटाई, पाइपलाइन और बिजली के पोल स्थानांतरित करने से जुड़ी बाधाएं दूर करने के निर्देश दिए गए। इन कामों को जल्द पूरा करने को कहा गया, ताकि सड़क निर्माण आगे बढ़ सके।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत, अधीक्षण अभियंता अर्पणा चौरपगार, सेतु संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता चंद्रकिशोर पाण्डेय और विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता अब्दुल कादिर मौजूद रहे। इसके अलावा सभी अनुविभागीय अधिकारी, उप अभियंता और ठेकेदार भी उपस्थित थे।