स्वतंत्र बोल
रायपुर 29 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जमीन बेचने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। मोवा की जमीन को खुद का बताकर सौदा करने और 51 लाख रुपये एडवांस लेने के बाद रजिस्ट्री के समय टालमटोल करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
ऐसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, गुढ़ियारी निवासी सचिन सिंह सलूजा की मुलाकात समता कॉलोनी निवासी वैष्णव तांडी से हुई थी। बातचीत के दौरान वैष्णव ने मोवा में अपनी 0.405 हेक्टेयर जमीन होने और उसे बेचने की बात कही। जमीन देखने के बाद सचिन ने सौदा तय कर लिया और दोनों के बीच विक्रय इकरारनामा (Agreement to Sell) हुआ। तय समझौते के तहत सचिन ने 51 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए, जबकि बाकी की रकम रजिस्ट्री के वक्त दी जानी थी।
बाद में जब रजिस्ट्री का समय नजदीक आया तो आरोपी टालमटोल करने लगा। छानबीन करने पर सचिन को पता चला कि उक्त जमीन वैष्णव के नाम पर है ही नहीं, बल्कि इसे लेकर दो भाइयों के बीच रायपुर न्यायालय में पहले से ही सिविल प्रकरण लंबित है।
रकम मांगने पर करता रहा गुमराह
जमीन का सच सामने आने के बाद जब पीड़ित सचिन सिंह सलूजा ने अपनी एडवांस दी गई रकम वापस मांगी, तो आरोपी उन्हें लगातार गुमराह करता रहा और पैसे नहीं लौटाए। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


