स्वतंत्र बोल
लखनऊ 25 अक्टूबर 2026: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से उठाए गए सवालों के बाद निर्वाचन विभाग की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। आजमगढ़ की विधानसभा सीट संख्या 347 की मतदाता सूची में एक ही नाम कई बार दर्ज होने के मामले की पुष्टि होने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मतदाता सूची तैयार करने में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और दो सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
समाजवादी पार्टी ने उठाया था गंभीर मुद्दा
समाजवादी पार्टी ने 15 अक्टूबर 2026 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह आरोप लगाया था कि आजमगढ़ की विधानसभा क्षेत्र संख्या 347 की मतदाता सूची में ‘विकास यादव’ नाम के व्यक्ति का नाम 10 बार दर्ज है। इस शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी, आजमगढ़ से विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की थी।
जांच रिपोर्ट में हुआ 13 प्रविष्टियों का खुलासा
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, संबंधित विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में हिंदी में ‘विकास यादव’ नाम कुल 13 बार दर्ज पाया गया। हालांकि, इनमें से दो प्रविष्टियों को नियमानुसार पहले ही हटाया जा चुका था। शेष 11 प्रविष्टियां आजमगढ़ जिले के 11 अलग-अलग व्यक्तियों से संबंधित पाई गईं, जो अपने-अपने गांवों में निवास कर रहे हैं। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि इन 11 व्यक्तियों में वास्तविक विकास यादव को छोड़कर अन्य 10 लोगों के विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरवाया गया है। इसके अलावा, समान नाम और समान पिता के नाम वाला एक अन्य मतदाता गोरखपुर जिले के चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र का निवासी निकला, जिसकी प्रविष्टि आजमगढ़ से अलग है।
कंप्यूटर सहायक और 5 BLO पर गिरी गाज
मामले में गंभीर लापरवाही बरतने वाले मतदाता पंजीकरण केंद्र के कंप्यूटर सहायक और पांच बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को मतदाता सूची के कार्यों से तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इन सभी कर्मचारियों को सेवा से हटाने और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पर्यवेक्षण में ढिलाई बरतने वाले तत्कालीन ERO और दो AERO को भी आरोप पत्र जारी कर नोटिस देने को कहा गया है।
आजमगढ़ की सभी सीटों की होगी जांच
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी, आजमगढ़ को निर्देश दिया है कि वे जिले की सभी विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों की इसी बिंदु पर गहन जांच करें और एक हफ्ते के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपें।


