वोट आपका है, लड़ाई भी आपकी, राहुल गांधी ने जनता से क्यों की दिल्ली आने की अपील?

Images (14)

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 25 अक्टूबर 2026:
इंडिया गठबंधन 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करेगा। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यह रैली आयोजित करने की जानकारी दी है। राहुल ने कहा है कि वोट चोरी के मुद्दे पर वे चुप नहीं रहेंगे। उन्होंने लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की है।

ad

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि लोगों के वोट चुराए जा रहे हैं और इसे चुपचाप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूचियों से नाम काटे गए और नियम-कानून तोड़े गए। राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर सवाल उठाने वालों पर लाठियां चलाई गईं। उन्होंने कहा कि देश की जनता इसका जवाब देगी।

youtube

राहुल गांधी ने किन लोगों से की अपील?

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “1 नवंबर – चलो दिल्ली। वोट बचाओ – देश बचाओ जन मार्च और महारैली।” उन्होंने छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों समेत लोकतंत्र की चिंता करने वाले लोगों से रैली में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब वोट लोगों का है, तो लड़ाई भी उनकी है।

BJP के प्रचार पर राहुल का तंज

राहुल गांधी ने पोस्ट के आखिर में BJP और उसके सहयोगियों पर तंज किया। उन्होंने रैली का प्रचार करने के लिए उनका धन्यवाद किया और कहा कि वे अगले सात दिन भी इसी जोश और लगन से प्रचार जारी रखें।

कई राज्यों से कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद

रैली में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं व कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। कांग्रेस ने रैली को बड़े स्तर पर आयोजित करने का लक्ष्य रखा है। रैली के प्रमुख मुद्दों में कथित वोट चोरी, SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग शामिल हैं। राहुल गांधी इन मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार निशाना साध रहे हैं।