स्वतंत्र बोल
रायपुर 25 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी शनिवार को अपने पहले दौरे पर रायपुर पहुंचीं। माना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत पूरी तरह से सादगी के साथ किया गया। संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारी और विधायक उनके स्वागत के लिए पहुंचे थे, लेकिन इस दौरान कोई ढोल-ताशे नहीं बजाए गए और न ही किसी मंत्री को बुलाया गया। इसके अलावा स्वागत के लिए प्रस्तावित भाजयुमो की बाइक रैली को भी पहले ही स्थगित कर दिया गया था।
बीजेपी कार्यालय से हटाई गई पुलिस सुरक्षा
एयरपोर्ट से सीधे भाजपा के राज्य कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचीं स्मृति ईरानी ने यहां भी सादगी की मिसाल पेश की। उनके निर्देश पर भाजपा कार्यालय के भीतर से पुलिस सुरक्षा हटा ली गई। इस दौरान एक महिला कार्यकर्ता ने उनके साथ सेल्फी लेने की इच्छा जताई, तो स्मृति ईरानी ने प्यार से उनके सिर पर हाथ रखा और सेल्फी लेने से मना कर दिया। उनके साथ प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं।
दो दिन में होंगी 12 महत्वपूर्ण बैठकें
रायपुर पहुंचने के बाद दोनों केंद्रीय नेता पार्टी संगठन और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकों के दौर में शामिल हो गए हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू 25 और 26 अक्टूबर को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन के विभिन्न स्तरों के साथ कुल 12 बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में आगामी संगठनात्मक रणनीतियों पर चर्चा की जा रही है।


