स्वतंत्र बोल
रायपुर 24 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ में सड़क संपर्क और आवागमन की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मुंगेली और बिलासपुर जिलों में दो नए उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। दोनों पुलों और उनके पहुंच मार्गों के निर्माण के लिए कुल 14 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
मनियारी नदी पर बनेगा नया उच्च स्तरीय पुल
विभाग ने मुंगेली जिले के तखतपुर-बरेला राज्य मार्ग पर मनियारी नदी में बने वर्तमान जलमग्नीय पुल के स्थान पर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 7 करोड़ 67 लाख 11 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। वर्तमान में वहां जलमग्नीय पुल होने के कारण बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ते ही आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती थी। नया उच्च स्तरीय पुल बनने से इस मार्ग पर यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा, जिससे बारिश के दिनों में भी सड़क संपर्क बना रहेगा।
डोंगानाला पर 6.58 करोड़ से होगा निर्माण
इसके साथ ही बिलासपुर जिले के बेलगहना-कोंचरा-खोंगसरा मार्ग पर डोंगानाला में भी उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। इसके लिए विभाग ने 6 करोड़ 58 लाख 86 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इस पुल के बन जाने से इस मार्ग पर आवाजाही करने वाले स्थानीय ग्रामीणों और यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश
राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को दोनों निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग को निर्माण के दौरान गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग, कार्यों की नियमित निगरानी और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। मनियारी नदी और डोंगानाला पर इन पुलों के बनने से दोनों जिलों में बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।


