दहल उठा इलाका: पटाखों के गोदाम में भीषण विस्फोट, दो घंटे तक गूंजते रहे धमाके, 4 की मौत

Untitled

स्वतंत्र बोल
सीवान 23 अक्टूबर 2026:
बिहार के सीवान जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जामो थाना क्षेत्र के आलमापुर गांव में पटाखों में आग लगने के बाद एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया। इस भयावह घटना में शुरुआती तौर पर 4 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह ढہकर सड़क पर आ गिरा, और लगातार दो घंटे तक रह-रहकर धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं।

ad

दो घंटे तक गूंजते रहे धमाके, मकान का हिस्सा ढहा

जानकारी के अनुसार, आलमापुर निवासी मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में भारी मात्रा में पटाखे रखे हुए थे और उन्हें पटाखों का कारोबारी बताया जा रहा है। शुक्रवार शाम करीब 5:20 बजे अचानक घर में रखे पटाखों में आग लग गई, जिसके बाद एक के बाद एक जोरदार धमाके होने लगे। विस्फोट की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए। मकान में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री होने के कारण लगभग दो घंटे तक लगातार धमाके होते रहे, जिससे पूरा घर मलबे में तब्दील हो गया।

youtube

एसपी भारत सोनी ने दी जानकारी, एफएसएल टीम जुटी

सीवान के एसपी भारत सोनी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन, मेडिकल और बिजली विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुँच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया गया है और ग्रामीणों को घटनास्थल से 200 मीटर दूर रहने की अपील की गई है। एसपी ने बताया कि अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों की स्थिति लगातार हो रहे धमाकों के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मेडिकल टीम की जांच और मलबे की सफाई के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संबंधित परिवार के पास लाइसेंस था या नहीं और पटाखे कहाँ से लाए गए थे।