स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन-1076 पर दर्ज शिकायतों के निराकरण में लापरवाही के मामले में लोक निर्माण विभाग ने 13 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें तीन अधीक्षण अभियंता, पांच कार्यपालन अभियंता और पांच अनुविभागीय अधिकारी शामिल हैं। विभाग की समीक्षा में सामने आया कि अगस्त और सितंबर में कई शिकायतों को बिना स्पष्ट समाधान बताए बंद कर दिया गया था।
विभाग ने अधिकारियों से नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा है। तय समय में जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जा सकती है।
शिकायत बंद करने की टीप में नहीं था समाधान का ब्योरा
लोक निर्माण विभाग ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की थी। इसमें पाया गया कि एल-1, एल-2 और एल-3 स्तर पर शिकायतों को ऐसी टीप के साथ बंद किया गया, जिससे यह स्पष्ट नहीं होता था कि नागरिक की समस्या का समाधान हुआ या नहीं।
विभाग के मुताबिक, शिकायत बंद करते समय टीप में स्थल निरीक्षण के निष्कर्ष, की गई या प्रस्तावित कार्रवाई, उसकी तारीख या समय-सीमा और शिकायतकर्ता को दी गई सूचना का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। अगर शिकायत किसी दूसरे विभाग से संबंधित है, तो इसका कारण भी दर्ज करना जरूरी है।
विभाग ने कहा कि ऐसी जानकारी के बिना शिकायतें बंद करने से नागरिकों की समस्या के समाधान की पुष्टि नहीं हो पाती। इससे पोर्टल पर शिकायतों के निपटारे से जुड़े आंकड़े भी भ्रामक हो सकते हैं।
एल-1 स्तर के 5 अधिकारियों को नोटिस
शिकायतों के असंतोषजनक निराकरण को लेकर एल-1 स्तर पर पांच अनुविभागीय अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। इनमें शामिल हैं:
- अतुल राज पेगवार — अनुविभागीय अधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग उप संभाग, बिलासपुर।
- राजेश कुमार बाजपेयी — अनुविभागीय अधिकारी, बेमेतरा उप संभाग।
- जगदीश प्रसाद — अनुविभागीय अधिकारी, पेंड्रा उप संभाग।
- अशोक कुमार हरियाले — अनुविभागीय अधिकारी, सेतु उप संभाग, दुर्ग।
- सोनल ढालेन्द्र — अनुविभागीय अधिकारी, पाटन उप संभाग।
एल-2 स्तर के 5 कार्यपालन अभियंता भी घेरे में
एल-2 स्तर पर शिकायतों का उचित निराकरण नहीं होने के मामले में पांच कार्यपालन अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। इनके नाम हैं:
- केशव प्रसाद लहरे — कार्यपालन अभियंता, बेमेतरा संभाग।
- घासीराम जांगड़े — कार्यपालन अभियंता, कोरबा संभाग।
- रोशन कुमार साहू — कार्यपालन अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग, बिलासपुर।
- प्यारे लाल पैकरा — कार्यपालन अभियंता, सारंगढ़ संभाग।
- प्रज्ञा नंद — कार्यपालन अभियंता, कांकेर संभाग।
एल-3 स्तर के 3 अधीक्षण अभियंताओं को नोटिस
एल-3 स्तर पर शिकायतों को बिना सारगर्भित टीप के बंद करने के मामले में तीन अधीक्षण अभियंताओं को नोटिस जारी किया गया है। इनमें डी.के. नेताम, मंडल क्रमांक-2 रायपुर; अर्पणा चौरपगार, दुर्ग मंडल; और महादेव लहरे, राष्ट्रीय राजमार्ग मंडल बिलासपुर शामिल हैं।
15 दिन में देना होगा जवाब
लोक निर्माण विभाग ने इस मामले को कर्तव्य पालन में लापरवाही और पद से जुड़े दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करने से जुड़ा माना है। अधिकारियों को अपना लिखित प्रतिवाद नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर विभाग के सचिव के सामने प्रस्तुत करने को कहा गया है।
निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर अधिकारियों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतों की समीक्षा में तहसीलदार भी निलंबित
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर यह भी पूछा था कि उनकी समस्याओं का समाधान हुआ है या नहीं। इस दौरान नागरिकों ने अपने अनुभव साझा किए और शिकायतों के निराकरण पर संतुष्टि जताई।
समीक्षा के दौरान शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही के मामले में कबीरधाम जिले के पिपरिया में पदस्थ तहसीलदार प्रमोद कुमार चंद्रवंशी को निलंबित कर दिया गया है।


