3Stumps ऐप से चल रहा था क्रिकेट सट्टा? बाबू खेमानी की 1.42 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 अक्टूबर 2026:
 ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट के कथित मास्टरमाइंड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी उर्फ गुलशन की 1.42 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क करने का आदेश न्यायालय ने शुक्रवार को दिया। एसीपी दीपक मिश्रा के मुताबिक, टाटीबंध निवासी बाबू और उसके 29 साथियों को छापेमारी के दौरान पकड़ा गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी 3Stumps ऐप के जरिए क्रिकेट सट्टा चला रहे थे।

ad

कॉल सेंटर और बैंक खातों के जरिए चल रहा था कारोबार

पुलिस के मुताबिक, बाबू कॉल सेंटर, मोबाइल नंबर और बैंक खातों के जरिए सट्टे का कारोबार संचालित करता था। सट्टे की रकम पहले सहयोगियों के बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद रकम अपने खातों में ट्रांसफर की जाती थी और सहयोगियों को कमीशन दिया जाता था। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से सट्टे से जुड़े ऐप, आईडी और पासवर्ड मिले थे। जांच में सट्टे की कमाई से खरीदी गई संपत्तियों का पता चला।

youtube

जमीन, प्लॉट, दुकान और FD पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में मौजूद जमीन, प्लॉट, दुकान और बैंक में जमा एफडी सहित कुल 1.42 करोड़ रुपये की संपत्ति अपराध से अर्जित की गई है। इसी आधार पर संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया गया है। इससे पहले 1.20 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया था। बाबू की महाराष्ट्र में 74 लाख रुपये की दुकान भी कार्रवाई के दायरे में है। इसके अलावा महासमुंद में 1.78 लाख रुपये की कृषि भूमि, देवपुरी में 23 लाख रुपये की संपत्ति, जोरापारा में 2.50 लाख रुपये का प्लॉट और बैंक ऑफ इंडिया में 40.50 लाख रुपये की एफडी कुर्क की जाएगी।

कमिश्नरी व्यवस्था में पहली कुर्की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, नए कानून के तहत कमिश्नरी व्यवस्था में यह पहली कुर्की कार्रवाई है। मामले में संपत्ति को अपराध से अर्जित बताया गया है।