स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 2 अक्टूबर 2026 : पंजाब के तरनतारन में भारत-पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को बीएसएफ जवानों ने नाकाम कर दिया। गुरुवार रात करीब साढ़े 12 बजे तीन पाकिस्तानी घुसपैठिए भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। जवानों ने उन्हें चेतावनी देकर वापस लौटने को कहा। इसके बावजूद वे आगे बढ़ते रहे। इसके बाद बीएसएफ जवानों ने फायरिंग की, जिसमें दो घुसपैठियों की मौत हो गई। तीसरा घुसपैठिया मौके से वापस भाग गया।
जवानों की चेतावनी के बाद हुई फायरिंग
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक, घटना तरनतारन के BOP इलाके की है। रात करीब 12:30 बजे तीन पाकिस्तानी घुसपैठिए भारतीय सीमा में अवैध रूप से प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।
जवानों ने तीनों को चेतावनी दी और वापस लौटने के लिए कहा। इसके बावजूद तीनों आगे बढ़ते रहे। चेतावनी को अनसुना करने के बाद जवानों ने फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान दो घुसपैठिए मारे गए, जबकि तीसरा वापस भागने में सफल रहा।
मारे गए घुसपैठियों की पहचान नहीं हुई
बीएसएफ अधिकारियों ने दोनों घुसपैठियों के मारे जाने की पुष्टि की है। हालांकि, अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। सुरक्षा एजेंसियां उनकी पहचान और अन्य जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही हैं।
सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
इस घटना के बाद पंजाब सेक्टर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सतर्कता सामने आई है। तरनतारन ऐसा क्षेत्र है, जहां से पाकिस्तानी घुसपैठिए भारतीय सीमा में प्रवेश की कोशिश करते हैं। सुरक्षा बलों की सतर्कता के चलते ऐसी कोशिशों को नाकाम किया जाता है।


