अगर आप भी हैं बेरोजगार तो तुरंत करें ये काम, छत्तीसगढ़ में मिलने वाले हैं 10 हजार नौकरियां

Job seekers attending career fair

स्वतंत्र बोल
रायपुर 2 अक्टूबर 2026 :
रोजगार की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित कर रही है। बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस मेले में करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और हुनर वाले युवा इसमें शामिल हो सकेंगे।

ad

62 कंपनियों से मिली 9,449 रिक्तियों की जानकारी

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस मेले के लिए अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्त पदों की जानकारी मिली है। अन्य कंपनियों से भी संपर्क जारी है। इससे उपलब्ध अवसरों की संख्या बढ़ सकती है।

youtube

मेले का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियों को भी एक मंच पर लाया जा रहा है।

8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे।

कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रोजगार मेले के जरिए युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप अवसर दिलाने का प्रयास है।

10वीं-12वीं से MBA और MCA तक के लिए पद

रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए भी रिक्तियां हैं। ITI, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके अभ्यर्थी भी अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक और MBA तथा MCA सहित स्नातकोत्तर योग्यताधारी युवाओं के लिए भी अवसर उपलब्ध हैं।

तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन और मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन जैसे पद शामिल हैं। मैकेनिकल इंजीनियर और गुणवत्ता निरीक्षक के पदों के लिए भी रिक्तियां मिली हैं।

इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर के पद भी उपलब्ध हैं।

बैंकिंग, फाइनेंस और मानव संसाधन यानी HR से जुड़े अवसर भी मेले में दिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य एवं देखभाल के क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ और केयरटेकर के पद हैं। सुरक्षा सेवाओं में गार्ड और सुपरवाइजर के पद शामिल हैं।

परिवहन और सामान की आवाजाही से जुड़े कामों में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर के पद भी उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी अपनी योग्यता, रुचि और संबंधित पद की पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।

ये कंपनियां लेंगी हिस्सा

रोजगार मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं।

इनके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉरपोरेट भी शामिल हैं।

ई-रोजगार पोर्टल से कर सकते हैं आवेदन

रोजगार मेले की आवेदन और चयन प्रक्रिया के लिए ई-रोजगार पोर्टल का इस्तेमाल किया जा रहा है। कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से मिली रिक्तियां पोर्टल पर प्रदर्शित की जा रही हैं।

इच्छुक युवा www.erojgar.cg.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। वे घर बैठे उपलब्ध पदों की जानकारी देख सकते हैं और अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। इससे अभ्यर्थियों को मेले से पहले उपलब्ध रोजगार अवसरों को समझने का समय मिलेगा।

नियोजक भी पोर्टल पर अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देख सकेंगे। इसके आधार पर जरूरत के अनुसार उम्मीदवारों की सूची तैयार करने और प्रारंभिक चयन प्रक्रिया संचालित करने की सुविधा होगी।

पिछले दो वित्त वर्षों में 9,463 अभ्यर्थी चयनित

रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों और प्लेसमेंट कैंप में कुल 9,463 अभ्यर्थी चयनित हुए।

वित्त वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर में रोजगार मेले आयोजित किए गए। इनमें 5,314 अभ्यर्थी चयनित हुए।

वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, बलौदाबाजार एवं दुर्ग में रोजगार मेले आयोजित हुए। इनमें 4,149 अभ्यर्थी चयनित हुए।

वित्त वर्ष 2026 में सितंबर तक राज्य में 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेलों का आयोजन हो चुका है। इनमें 8,878 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।