‘चूहा मारने पर 25 लाख खर्च’, आंबेडकर अस्पताल और झीरम मामले पर…जानें कांग्रेस नेता ने क्या कहा..?

स्वतंत्र बोल
रायपुर 16 सितंबर 2026।
झीरम घाटी नक्सली हमला मामले में आज 16 सितंबर को दोषी ठहराए गए 10 आरोपियों की सजा पर फैसला होना है। इससे पहले पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने एनआईए की जांच पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि घटना को 13-14 साल बीतने के बाद भी जांच एजेंसी मुख्य दोषी तक नहीं पहुंच पाई। धनेंद्र साहू ने कहा कि जिन लोगों को दोषी ठहराया गया है, वे वास्तविक अपराधी नहीं हैं।

ad

‘मोस्टवांटेड लोगों को सजा नहीं मिली’

धनेंद्र साहू ने कहा कि जिन लोगों को सजा मिल रही है, वे नौकर-चाकर और कर्मचारी वर्ग के लोग हैं। उनके मुताबिक, मोस्टवांटेड लोगों को अब तक सजा नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि वास्तविक हत्यारे तक जांच एजेंसी नहीं पहुंच पाई। झीरम घाटी हमला 25 मई 2013 को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के दौरान हुआ था। इस हमले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं समेत बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी। मामले में विशेष एनआईए अदालत ने 5 सितंबर को 10 आरोपियों को दोषी करार दिया था। अब 16 सितंबर को सजा की अवधि पर फैसला होना है।

youtube

हल्दी बीज की गुणवत्ता पर भी सवाल

हल्दी बीज वितरण में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर धनेंद्र साहू ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ नकली बीज की बिक्री का केंद्र बन गया है। उनके मुताबिक, हल्दी के बीज भी अमानक पाए गए हैं। धनेंद्र साहू ने कहा कि सहकारी सेवा केंद्रों से मिलने वाले बीजों की गुणवत्ता पर भी सवाल हैं। उनका आरोप है कि सरकार किसानों को अच्छे खाद-बीज उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

आंबेडकर अस्पताल में चूहों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

आंबेडकर अस्पताल में चूहों को मारने पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाने के मुद्दे पर भी धनेंद्र साहू ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि कितने चूहे मारे गए और क्या इसका भी पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में भ्रष्टाचार हो रहा है। धनेंद्र साहू ने दवा खरीदी समेत दूसरे मामलों में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

निकाय चुनाव पर बोले- जनता के सामने कई मुद्दे

नगरीय निकाय चुनाव को लेकर धनेंद्र साहू ने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद विकास कार्य ठप हैं। उन्होंने कहा कि कई जगह विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध नहीं है। उन्होंने महंगाई, बिजली, स्मार्ट मीटर, नालियों की सफाई और सफाई व्यवस्था को चुनावी मुद्दा बताया। धनेंद्र साहू ने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

पीएम आवास योजना पर क्या बोले धनेंद्र साहू

पीएम आवास को लेकर धनेंद्र साहू ने कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को सच्चाई स्वीकार कर कमियों को दूर करना चाहिए। उनका कहना था कि पीएम आवास को लेकर कई लोगों को परेशानी है और कुछ लोग कर्ज में डूबे हैं। उन्होंने सरकार की ओर से दिए गए आंकड़ों पर भी सवाल उठाए।

सेवा संकल्प अभियान पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान को लेकर धनेंद्र साहू ने कहा कि जनता की तकलीफ दूर करना ही सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने सफाई और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि केवल फोटो खिंचवाने से समस्या दूर नहीं होगी। उन्होंने महंगाई और भ्रष्टाचार कम करने की जरूरत बताई। धनेंद्र साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को लेकर भी दावा किया कि उसे खत्म हो गई है और बनावटी लोकप्रियता बनाने की कोशिश की जा रही है।