डिबेट का अंत, बाहर उपद्रव: एसआई का बैच और बटन टूटा, रायपुर पुलिस ने जैसे-तैसे संभाला मोर्चा

स्वतंत्र बोल
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर मंगलवार को रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बीच खुली बहस हुई। डिबेट के दौरान दोनों नेताओं के बीच आंकड़ों और दावों को लेकर तीखी बहस हुई। कार्यक्रम खत्म होते ही प्रेस क्लब के बाहर भारी हंगामा खड़ा हो गया, जहां बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विवाद बढ़ने पर हुई धक्का-मुक्की और झड़प को संभालने पहुंची पुलिस के साथ भी कार्यकर्ताओं की भिड़ंत हो गई, जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर (SI) का बैच और शर्ट का बटन टूट गया।

ad

डिबेट में आंकड़ों पर हुई तीखी बहस

रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित इस खुली डिबेट में भूपेश बघेल और विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना पर अपने-अपने आंकड़े और तर्क पेश किए। योजना के क्रियान्वयन और पिछली व वर्तमान सरकार के दावों को लेकर दोनों नेताओं ने अपनी बात रखी। हालांकि डिबेट के दौरान माहौल लगातार गरमाया रहा।

youtube

प्रेस क्लब के बाहर सड़क पर उतरी राजनीतिक जंग

डिबेट खत्म होने के तुरंत बाद प्रेस क्लब के बाहर मौजूद दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और जमकर धक्का-मुक्की होने लगी।

पुलिस के साथ झड़प, एसआई का बैच और बटन टूटा

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर तैनात पुलिस बल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार्यकर्ताओं को अलग करने की कोशिश के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी बहस और झड़प हुई। इस हंगामे के दौरान एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर की वर्दी का बैच और शर्ट का बटन टूट गया।

स्थिति पर पुलिस की नजर, जुटाए जा रहे तथ्य

पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे से अलग किया और मौके पर स्थिति को संभाला। प्रधानमंत्री आवास पर हुई इस सियासी डिबेट के बाद बाहर हुई इस हिंसात्मक झड़प ने राजनीतिक पारे को और बढ़ा दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।