‘छोटा रिचार्ज’ बनाम ‘मिस्टर एटीएम’: रायपुर में पीएम आवास पर खुली डिबेट के बाद छिड़ा जबरदस्त पोस्टर वार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित प्रेस क्लब में मंगलवार (15 सितंबर) को प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बीच खुली डिबेट हुई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार करते हुए प्रेस क्लब में इस ओपन डिबेट में हिस्सा लिया, जहां बहस के दौरान आंकड़ों को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस देखने को मिली। डिबेट खत्म होने के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर जमकर पोस्टर वार और जुबानी तीर चले।

ad

भूपेश बघेल का तंज: “अगली बार किसी समझदार को भेजना”

ओपन डिबेट समाप्त होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर पोस्ट कर बीजेपी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि अगली बार किसी समझदार को भेजना, ‘छोटा रिचार्ज’ रील के लिए ही ठीक है। उनके इस बयान के बाद दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बहस और तेज हो गई।

youtube

बीजेपी का पलटवार: “तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी”

भूपेश बघेल के पोस्ट के जवाब में बीजेपी ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर पलटवार किया। बीजेपी ने लिखा, “हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ।” इसके अलावा बीजेपी ने एक और पोस्टर जारी करते हुए निशाना साधा और लिखा, “तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना।”

चुनौती के बाद तय हुई थी रायपुर प्रेस क्लब में डिबेट

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन और आंकड़ों को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच तनातनी चल रही थी। भूपेश बघेल और विजय शर्मा दोनों ने इस मुद्दे पर एक-दूसरे की सार्वजनिक बहस की चुनौती स्वीकार की थी। इसके बाद रायपुर प्रेस क्लब में इस ओपन डिबेट का समय तय किया गया, जहां दोनों नेता आमने-सामने पहुंचे और अपनी-अपनी बात रखी।