आज भिलाई पहुंचेंगे सोनू सूद! हजारों लोगों की नजरें इस खास आयोजन पर, जानिए क्या है बड़ी वजह

स्वतंत्र बोल
भिलाई 27 जून 2026:
 अभिनेता, समाजसेवी और परोपकारी व्यक्तित्व सोनू सूद आज भिलाई पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर सोनू सूद चैरिटी क्लब (SSCC) के सदस्यों और समर्थकों में खासा उत्साह है। इस दौरान क्लब की वार्षिक बैठक (Annual Meet) आयोजित होगी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से क्लब के सदस्य एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।

ad

क्लब हेड दीक्षा नागदेवे ने बताया कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा और मानवता के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि सोनू सूद फाउंडेशन और सोनू सूद चैरिटी क्लब का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है।

youtube

उन्होंने बताया कि क्लब स्थानीय स्तर पर स्वयंसेवकों का ऐसा नेटवर्क तैयार करता है, जो जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य सहायता, शिक्षा, रोजगार मार्गदर्शन, आपदा राहत, भोजन वितरण, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और अन्य सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता है। प्रत्येक शहर में स्थानीय स्वयंसेवकों के माध्यम से जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाने की अवधारणा पर क्लब कार्य कर रहा है।

दीक्षा नागदेवे के अनुसार, वार्षिक बैठक में पिछले एक वर्ष के सेवा कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी योजनाओं पर चर्चा और देशभर में सोनू सूद चैरिटी क्लब के विस्तार की रणनीति भी तैयार की जाएगी। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे, ताकि सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी, संगठित और व्यापक बनाया जा सके।

बैठक में शामिल सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने तथा सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया। क्लब पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सोनू सूद के मार्गदर्शन में यह अभियान आने वाले समय में और अधिक जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनेगा।