स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 जून 2026: महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुकमा जिले के जगरगुंडा स्थित शहीद एएसआई रामू राम नाग के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र की रक्षा और जनसेवा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस दौरान मंत्री ने शहीद की माताजी से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश और देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान अमूल्य धरोहर है। शहीद परिवारों का सम्मान, सुरक्षा और उनका हरसंभव सहयोग करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
दौरे के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शहीद परिवार की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से शहीद की माताजी के लिए अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके।
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज विकास, विश्वास और शांति के नए दौर की ओर आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में प्रदेश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


