रायपुर पहुंचते ही राहुल गांधी का मिशन शुरू! अभनपुर में बंद कमरे की बैठक को लेकर बढ़ी सियासी हलचल

 

ad

रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे ने प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। रायपुर पहुंचने के बाद राहुल गांधी सीधे अभनपुर के लिए रवाना हो गए, जहां कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में उनका महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी करीब चार घंटे तक शिविर में मौजूद रहेंगे और जिला व शहर अध्यक्षों के साथ सीधे संवाद करेंगे।

youtube

कांग्रेस संगठन के लिए अहम माने जा रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को गोपनीय रखा गया है। इसके बावजूद प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अभनपुर पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

राहुल गांधी से मिलने की चाह में सक्ती जिले के जैजपुर से पहुंचे ब्लॉक अध्यक्ष कौशिक चंद्र भी चर्चा में हैं। उन्होंने बताया कि पहले वह बाइक से दिल्ली राहुल गांधी से मिलने गए थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इस बार फिर बाइक से अभनपुर पहुंचे हैं, ताकि अपने नेता से सीधे मुलाकात कर सकें।

इधर राहुल गांधी के दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी यहां “आलू से सोना निकालने की ट्रेनिंग” देने आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी का स्वागत है और यही वे राम हैं, जिनके अस्तित्व को उन्होंने कभी स्वीकार नहीं किया था।

भाजपा के इस बयान पर कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने पलटवार करते हुए पुरंदर मिश्रा को “एक्सीडेंटल विधायक” बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता बिना वजह बयान देकर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहे हैं।

अभनपुर में राहुल गांधी की मौजूदगी और बंद कमरे में होने वाले संवाद को आगामी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे में इस गोपनीय बैठक पर प्रदेश की राजनीतिक निगाहें टिकी हुई हैं।