स्वतंत्र बोल
बिलासपुर/रायपुर 19 जून 2026: NEET-2026 परीक्षा को लेकर लाखों परीक्षार्थियों और उनके परिजनों की संभावित भीड़ के बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। परीक्षा के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन से लेकर अतिरिक्त सामान्य कोच लगाने तक कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं की हैं।
रेलवे प्रशासन ने 20 और 21 जून को कोरबा-दुर्ग-कोरबा के बीच विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इसके अलावा छिंदवाड़ा से नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी के बीच भी विशेष मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी।
परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस का भी अस्थायी विस्तार करने का निर्णय लिया है। 21 जून को कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस दुर्ग तक संचालित होगी, जबकि रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस दुर्ग स्टेशन से प्रारंभ होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी। हालांकि रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन के निर्धारित समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने 10 प्रमुख ट्रेनों में कुल 40 अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाने का फैसला किया है। इनमें हसदेव एक्सप्रेस, बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस, रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस, टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस, इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस और बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार रायपुर-कोरबा और कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस में सबसे अधिक 7-7 अतिरिक्त जनरल कोच लगाए जाएंगे। वहीं अन्य प्रमुख ट्रेनों में 2-2 अतिरिक्त सामान्य कोच जोड़े जाएंगे ताकि परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को सीटों की कमी का सामना न करना पड़े।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे इन विशेष रेल सेवाओं का लाभ उठाते हुए समय से अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचें। रेलवे प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।


